नोएडा में ई-बस का सफर होगा आसान, स्क्रीन पर दिखेगा रूट और स्पीकर से मिलेगी यात्रियों को जानकारी
- Shiv Kumar
- 28 Sep, 2026
नोएडा में ई-बस सेवा से जुड़ी जानकारी अब यात्रियों को सड़क किनारे लगी वीडियो स्क्रीन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण आईटीएमएस के तहत लगी 22 वीडियो स्क्रीन और 20 पब्लिक एड्रेस सिस्टम का इस्तेमाल करेगा। वीडियो स्क्रीन पर ई-बसों के रूट और संचालन का समय प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों को बसों से जुड़ी जानकारी की घोषणा की जाएगी। प्राधिकरण ने इस व्यवस्था को जल्द शुरू करने की तैयारी की है। प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि आईटीएमएस की स्क्रीन पर ई-बसों की जानकारी दिखाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से इसकी घोषणा कराने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इससे यात्रियों को अलग-अलग रूट पर चलने वाली बसों और उनके संचालन के समय की जानकारी सड़क पर ही मिल सकेगी।
दो महीने में दोगुने से ज्यादा हुए यात्री
नोएडा में फिलहाल 50 ई-बसें पांच रूटों पर संचालित हो रही हैं। इनमें बॉटेनिकल गार्डन से परीचौक, जेवर एयरपोर्ट, सूरजपुर, गाजियाबाद और आनंद विहार बस स्टेशन के रूट शामिल हैं। ई-बस सेवा को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जुलाई में करीब 1.50 लाख यात्रियों ने इन बसों से सफर किया था, जबकि अगस्त में यात्रियों की संख्या बढ़कर करीब 3.40 लाख हो गई। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ई-बस सेवा से होने वाली आय में भी करीब दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। प्राधिकरण अब बढ़ती मांग को देखते हुए मौजूदा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विस्तार करने की तैयारी में है।
25 नई ई-बसें मिलने के बाद शुरू होंगे नए रूट
नोएडा में 25 और ई-बसें बढ़ाने की तैयारी है। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से परिवहन निगम को पत्र भेजा जा चुका है। नई बसें मिलने के बाद शहर में नए रूट शुरू किए जाएंगे। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए कुल 225 नई ई-बसें शामिल करने की योजना है। इस योजना के तहत 25 बसें नोएडा में चलेंगी, जबकि 100 बसें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और 100 बसें जीसीसी मॉडल के तहत संचालित होंगी। कुल नई बसों में से 200 बसों का संचालन गौतमबुद्ध नगर में किया जाएगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 15 जून 2026 से 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें 50 बसें नोएडा, 25 ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही हैं। अब यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ तीनों क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और विस्तार देने की तैयारी की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






