नोएडा में शेयर मार्केट के नाम पर ठगी, 5 लोगों से ऐंठे 94 लाख रुपये, पुलिस ने दर्ज किया केस
- Shiv Kumar
- 29 Sep, 2026
नोएडा में साइबर ठगों ने पांच अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर करीब 94 लाख रुपये की ठगी कर ली। किसी को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर मुनाफे का लालच दिया गया तो किसी के बैंक खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई। सभी पीड़ितों ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब साइबर थाना पुलिस ने पांचों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी
पुलिस के मुताबिक, ठगी की ये घटनाएं अप्रैल से जुलाई 2025 के बीच हुईं। सेक्टर-113 निवासी एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर बातचीत में फंसाया। इसके बाद पीड़ित ने तीन बार में कुल 24 लाख 43 हजार 974 रुपये निवेश कर दिए। जब उसने निवेश से मिले मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसी तरह फेज-2 क्षेत्र के सुभाष चंद से ट्रेडिंग के नाम पर 30 लाख 10 हजार 3 रुपये की ठगी की गई।
मोबाइल हैक कर खाते से निकाल लिए 13 लाख
सेक्टर-39 निवासी रिंकू सिंह के मुताबिक, 2 जून 2025 को उनका मोबाइल हैक हो गया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से 13 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। वहीं सेक्टर-24 निवासी दिलीप कुमार से 23 अप्रैल को ऑनलाइन खरीदारी के दौरान 16 लाख 59 हजार 998 रुपये की ठगी हुई। दोनों मामलों में पीड़ितों ने साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज किया है।
दो घटनाओं में राजबीर से 9.76 लाख की ठगी
ईकोटेक-3 क्षेत्र निवासी राजबीर सिंह यादव भी साइबर ठगी का शिकार हुए। पुलिस के अनुसार, उनके साथ दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 9 लाख 76 हजार 520 रुपये की ठगी की गई। इस तरह पांचों मामलों में ठगी गई कुल रकम 93 लाख 90 हजार 495 रुपये है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में डिजिटल और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






