ग्रेटर नोएडा में मोबाइल और चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, बिसरख पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

top-news
बिसरख पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग व लूट के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से पांच छीने हुए मोबाइल, आईफोन-18 प्रो, दो अवैध तमंचे, दो कारतूस, 2500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद हुई है।

ग्रेटर नोएडा: बिसरख पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग व लूट की घटनाओं के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 2 अक्टूबर 2026 को 6 प्रतिशत एरिया पार्क के पास से सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से छीने गए पांच मोबाइल फोन, जिनमें एक आईफोन-18 प्रो भी शामिल है, दो अवैध .315 बोर तमंचे और दो जिंदा कारतूस, 2500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


चैरीकाउन्टी सोसाइटी के पास महिला से छीना था आईफोन-18 प्रो

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 21 सितंबर 2026 को चैरीकाउन्टी सोसाइटी के पास एक महिला से आईफोन-18 प्रो मोबाइल फोन लिया गया था। आरोपियों के मुताबिक, उन्होंने मोबाइल को देखने के बहाने महिला से लिया और इसके बाद फोन लेकर फरार हो गए। बिसरख थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को लेकर तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा संख्या 569/2026, 631/2026 और 687/2026 शामिल हैं, जिनमें धारा 304(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। बरामद आईफोन-18 प्रो को मुकदमा संख्या 687/2026 से संबंधित बताया गया है।


मोटरसाइकिल से रेकी कर मोबाइल छीनने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सलमान उर्फ सुहेल मोटरसाइकिल चलाता था और अजाज पीछे बैठता था। दोनों सुनसान रास्तों पर घूमते हुए या ई-रिक्शा में बैठे लोगों को मौका देखकर मोबाइल छीनते और फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, कभी-कभी मोबाइल देखने के बहाने भी वारदात की जाती थी। सलमान पिछले तीन साल से नोएडा में ऑटो चलाता था, जिससे उसे रास्तों की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि छीने गए मोबाइल फोन नईम को बेच दिए जाते थे और नईम उन्हें दूसरे राज्यों, पश्चिम बंगाल और बिहार में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, नईम के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।


तीनों आरोपियों के पास से यह सामान हुआ बरामद

पुलिस के अनुसार, सलमान उर्फ सुहेल निवासी बीबीनगर, बुलंदशहर की उम्र 23 वर्ष, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू निवासी बीबीनगर, बुलंदशहर की उम्र करीब 22 वर्ष और नईम निवासी डासना, गाजियाबाद तथा वर्तमान में पिलखुवा, हापुड़ की उम्र 35 वर्ष है। बरामद सामान में सिल्वर रंग का आईफोन-18 प्रो, नीले रंग का आईफोन-16, नीले रंग का आईफोन-16 प्रो, सफेद रंग का आईफोन-16 और नीले रंग का रीयलमी एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। इसके अलावा तीन सिल्वर पेपर फॉयल, 2500 रुपये नकद, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और दो अवैध .315 बोर देशी तमंचे बरामद हुए। एक तमंचा सलमान और दूसरा अजाज से मिला, दोनों के साथ एक-एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।


नईम पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, सलमान के खिलाफ गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में वर्ष 2024 के दो मुकदमों समेत बिसरख थाने में वर्ष 2026 के कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, हत्या के प्रयास, मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। अजाज के खिलाफ भी बिसरख थाने में वर्ष 2026 के मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, नईम के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, हथियार अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं से जुड़े 25 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *