नोएडा के बंदोली गांव में किसानों की महापंचायत, जल-सीवर कनेक्शन और आबादी निस्तारण का मुद्दा उठा
- Shiv Kumar
- 13 Oct, 2026
नोएडा। सेक्टर-154 स्थित ग्राम बंदोली में भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में जल-सीवर कनेक्शन और गांव की अन्य समस्याओं को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। पंचायत में ग्रामीणों ने आबादी निस्तारण, किसानों को 5 प्रतिशत आवासीय भूखंड नहीं मिलने और प्राचीन मंदिर परिसर में जोहड़ का गंदा पानी घुसने जैसी समस्याएं उठाईं। ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण से इन मामलों में जल्द कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए प्रवीण भाटी को महानगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। पंचायत की अध्यक्षता भूपान नंबरदार ने की, जबकि मंच का संचालन संगठन के महानगर अध्यक्ष दीपू यादव ने किया।
आबादी निस्तारण और 5 प्रतिशत भूखंड का मुद्दा उठा
महापंचायत में ग्रामीणों ने आबादी निस्तारण की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि नोएडा प्राधिकरण की कथित हीलाहवाली के कारण किसानों को अब तक उनके हक के 5 प्रतिशत आवासीय भूखंड नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने इस मामले का जल्द समाधान कराने की मांग की। पंचायत में किसानों की पुश्तैनी आबादी और उनसे जुड़े अधिकारों को लेकर भी चर्चा हुई। भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं को संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा और उनके अधिकारों के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
प्राचीन मंदिर में गंदा पानी घुसने से ग्रामीण परेशान
पंचायत में ग्राम बंदोली के प्राचीन मंदिर परिसर में जोहड़ यानी तालाब का गंदा पानी घुसने की समस्या पर भी चिंता जताई गई। ग्रामीणों ने मांग की कि मंदिर परिसर को सुरक्षित रखने के लिए मंदिर को ऊंचा कराया जाए और जोहड़ को मंदिर परिसर से पूरी तरह अलग किया जाए। उनका कहना था कि इस समस्या का समाधान जल्द किया जाना चाहिए, ताकि मंदिर परिसर में गंदा पानी प्रवेश न करे। ग्रामीणों ने नोएडा प्राधिकरण से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।
जल-सीवर कनेक्शन के लिए गांव में कैंप लगाने की मांग
जल और सीवर कनेक्शन को लेकर ग्रामीणों ने कहा कि वे नियमानुसार शुल्क देकर कनेक्शन लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण से गांव में तत्काल कैंप लगाने और लोगों को जल व सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कहा कि संगठन किसानों का अपना संगठन है। उन्होंने कहा कि किसानों की पुश्तैनी आबादियों के निस्तारण और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा। महापंचायत में रामू नेता जी, रविंद्र भाटी, मोहरा भाटी, जतना भाटी, नरेंद्र भाटी, हरिंदर भाटी, विनोद नंबरदार, प्रेमी पंडित, सरजीत कसाना, प्रीतम पंडित और दीपक चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






