नोएडा पुलिस ने ध्रुव राठी की गिरफ्तारी से किया इनकार, फर्जी पोस्ट डालने वाले दो हैंडल्स समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

top-news
ध्रुव राठी की गिरफ्तारी की कथित फर्जी खबर सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में नोएडा के सेक्टर-39 थाने में दो हैंडल्स के संचालकों और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने गिरफ्तारी से इनकार किया है। ध्रुव राठी ने कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।

नोएडा। यूट्यूबर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक खबर फैलाने के मामले में नोएडा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थाना सेक्टर-39 में दो सोशल मीडिया हैंडल्स के संचालकों और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, एक्स (X) पर ध्रुव राठी को नोएडा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी पोस्ट की गई थी, जबकि ऐसी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि उसके किसी आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी इस तरह की सूचना जारी नहीं की गई थी। मीडिया सेल में तैनात उपनिरीक्षक सुशील कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। मामले को लेकर ध्रुव राठी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी और पुलिस की कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।


दो सोशल मीडिया हैंडल्स से पोस्ट करने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को एक्स पर अभिषेक कुमार और प्रियंका कनादे नाम के हैंडल्स से ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर पोस्ट की गईं। एक पोस्ट में दावा किया गया कि नोएडा पुलिस ने उन्हें हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान और सेना व पुलिस को सरकार के खिलाफ विद्रोह के लिए उकसाने वाले वीडियो के संबंध में गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे हैंडल से वीडियो पोस्ट कर गिरफ्तारी की ब्रेकिंग न्यूज होने का दावा किया गया। पुलिस ने इन पोस्ट को भ्रामक बताते हुए कहा कि ध्रुव राठी के खिलाफ गिरफ्तारी की ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।


पुलिस ने कहा- आधिकारिक हैंडल से नहीं दी गई सूचना

नोएडा पुलिस के मुताबिक, ध्रुव राठी की गिरफ्तारी से जुड़ी कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसी कोई जानकारी साझा की गई। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी की खबर प्रसारित की गई। पुलिस का आरोप है कि अन्य हैंडल्स से भी इस जानकारी को आगे फैलाया गया। उपनिरीक्षक सुशील कुमार की तहरीर में कहा गया कि इस तरह की पोस्ट से लोगों में भय और आक्रोश पैदा होने के साथ प्रशासन के प्रति अविश्वास बढ़ने की आशंका थी। पुलिस के अनुसार, भ्रामक जानकारी से कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती थी।


सेक्टर-39 थाने में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

सुशील कुमार की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-39 में अभिषेक कुमार, प्रियंका कनादे और अन्य संबंधित सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान पोस्ट की सामग्री, उसे साझा करने वाले अकाउंट्स और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई जानकारी और उससे जुड़े आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


ध्रुव राठी ने पुलिस कार्रवाई पर दी प्रतिक्रिया

एफआईआर दर्ज होने के बाद ध्रुव राठी ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नोएडा पुलिस को त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने अभि और नियू नाम से संदर्भित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जोड़ी और अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। ध्रुव राठी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी खबरें फैलाने के साथ साथी नागरिकों की निजी जानकारी सार्वजनिक कर उनकी सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने मुंबई पुलिस को भी टैग किया। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *