DM ने की ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के साथ गोष्ठी, ट्रांसजेंडर कार्ड बनाए जाने के लिए किया प्रेरित, कही ये बड़ी बात
गौतमबुद्ध नगर में बुधवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के साथ गोष्ठी का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया।
- Rishabh Chhabra
- 05 Mar, 2025
गौतमबुद्ध नगर में बुधवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के साथ गोष्ठी का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। ये गोष्ठी जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर सतीश कुमार द्वारा किया गया, जिसमें मौजूद ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को स्माईल आनलाइन पोर्टल पर आई.डी. एवं प्रमाण पत्र आनलाइन करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही कहा गया कि सबसे ज्यादा आईडी व प्रमाण पत्र जनपद गौतमबुद्धनगर द्वारा ही किया गया हैं । समाज कल्याण विभाग गरिमा गृह पर भी कार्य कर रहा हैं, जिसका प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिया गया हैं, जिसमें भारत सरकार द्वारा दी गई व्यवस्थानुसार समस्त योजनाओं से लाभान्वित किया जा सकेगा ।
ट्रांसजेंडरों की समस्याओं से जिला प्रशासन को कराया अवगत
रामकली बसेरा सामाजिक संस्थान एनजीओ द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की समस्या से गोष्ठी में मौजूद समस्त जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत कराया गया कि किस प्रकार से समाज हमें कोई स्थान नहीं देता, समाज का दृष्टिकोण हीनभावना से ग्रस्त हैं। रामकली ने कहा कि कुछ लोग अभी तक ट्रांसजेंडर और किन्नर समाज में अन्तर नहीं जानते हैं, जिसके बारे में उन्होने विस्तार से अवगत कराया। उनके अनुसार ट्रांसजेंडर समुदाय या किन्नर समाज दोनों ही समाज में सम्मान के पात्र हैं, उन्हें दान नहीं चाहिए, उन्हें कम्पनियों, फैक्ट्रियों में योग्यता के आधार पर कार्य चाहिए। समाज ने अभी तक ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को अपनाया नहीं हैं जब तक समाज का दृष्टिकोण नहीं बदलेगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उनके अनुसार ट्रांसजेंडर सुरक्षा सेल गठित किया जा चुका हैं परन्तु कार्यरत नही हुआ हैं तथा उनका सुझाव हैं कि ट्रांसजेन्डर सुरक्षा सेल में एक ट्रांसजेंडर समुदाय का व्यक्ति भी सदस्य होना चाहिए, जिससे उनकी जटिल समस्याओं को सुनकर पुलिस विभाग अपने स्तर से कार्यवाही कर सके। रामकली बसेरा सामाजिक संस्थान द्वारा जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों का सम्मान करते हुये पुष्पगुच्छ भेंट किया गया।
शिक्षा और पुलिस विभाग से भी गोष्ठी करने को कहा गया
जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले ट्रांसजेंडर समुदायों के व्यक्तियों की समस्त समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अपना मंतव्य व्यक्त किया। साथ में शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग से कहा कि वे भी ट्रांसजेंडर समुदायों के साथ एक गोष्ठी का आयोजन अपने स्तर से भी करें, जिससे इनकी जो भी समस्याएं पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग से हैं उनका निराकरण करने का भरसक प्रयास किया जाये।
ट्रांसजेंडर सुरक्षा सेल की स्थापना करने का किया आग्रह
जिलाधिकारी द्वारा पुलिस विभाग को आग्रह किया गया कि वह ट्रांसजेंडर सुरक्षा सेल की स्थापना हेतु उचित स्थान का चुनाव कर स्थापित करने की कार्यवाही करें साथ ही पुलिस विभाग के अन्तर्गत आने वाले समस्त थानों में ट्रांसजेन्डर सुरक्षा सेल से सम्बंधित शिकायतों का निस्तारण भी समय से करने की कार्यवाही शुरू कर दी जाये। पुलिस विभाग द्वारा सहमति दी गई हैं कि ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों की समस्या का निस्तारण करने हेतु जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया जायेगा, जोकि समस्त थानों में प्राप्त शिकायतों का पूर्ण तत्परता से निस्तारण करने की कार्यवाही कर सकेगा।
डीएम ने ट्रांसजेंडरों को किया प्रोत्साहित
जिलाधिकारी द्वारा बैठक में मौजूद ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को अवगत कराया कि वे नौकरी पाने के लिये टेक्निकल लाइन या हाथ की कारीगरी वाले कार्यों में निपुणता हासिल करें। जिससे नौकरी पाने में आसानी हो सके, उससे पूर्व शिक्षा भी जरूरी हैं, बिना पूर्ण शिक्षा के नौकरी पाना बहुत मुश्किल हैं। जिलाधिकारी, गौतमबुद्धनगर द्वारा सभी को शिक्षा प्राप्त करने के लिये पूर्णतया प्रोत्साहित किया गया।
रामकली ने डीएम से किया ये आग्रह
रामकली द्वारा ट्रांसजेंडर समुदायों की ओर से गृह, शिक्षा, नौकरी व पेंशन के लिये जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के समक्ष आग्रह किया गया, जिसके लिये जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा जिला समाज कल्याण अधिकारी गौतमबुद्धनगर को निर्देशित किया गया हैं कि वे संज्ञान लेते हुये शासन या भारत सरकार द्वारा की गई व्यवस्थानुसार कार्यवाही करें।
गोष्ठी में मौजूद रहे अधिकारी
कार्यक्रम में एडीसीपी मुख्यालय हृदेश कठारिया, एसीपी पुलिस वर्णिका सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत प्रियंका चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर ट्रांसजेन्डर सुरक्षा सेल नीरज, उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ चंदन सोनी, मनोवैज्ञानिक चिकित्सक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र तनुज गुप्ता, सहायक विकास अधिकारी जेवर, अधिशासी अधिकारी जहाँगीरपुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दादरी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यगण मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






