टी-20 वर्ल्ड कप में पाक ने किया नाटक तो आईसीसी लगा सकता है कई प्रतिबंध, बांग्लादेश को लेकर भी लिया जा सकता है ये बड़ा फैसला!

top-news
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान की अनिश्चितता ने ICC की चिंता बढ़ा दी है। अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो उसकी जगह बांग्लादेश को मौका मिल सकता है। ICC ने PCB को बैन की चेतावनी भी दी है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की अनिश्चितता ने टूर्नामेंट से पहले ही माहौल गर्म कर दिया है। पाकिस्तान ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि वह टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा या नहीं। इस बीच आईसीसी भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बैकअप प्लान तैयार कर चुका है। चर्चा है कि अगर पाकिस्तान ऐन वक्त पर टी20 वर्ल्ड कप से हटता है, तो उसकी जगह बांग्लादेश को टूर्नामेंट में एंट्री मिल सकती है। यह फैसला क्रिकेट जगत में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।


पीएम से मुलाकात के बाद भी PCB ने नहीं खोले पत्ते
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि यह बैठक टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर हुई। हालांकि, इस मुलाकात के बाद भी पीसीबी की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया। बोर्ड का कहना है कि पाकिस्तान शुक्रवार या फिर अगले सोमवार तक अंतिम फैसला ले सकता है। फिलहाल पीसीबी ने सभी विकल्प खुले रखे हुए हैं, जिससे खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।


ICC की सख्त चेतावनी, बैन और PSL पर संकट के संकेत
इस बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। आईसीसी का कहना है कि अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार करता है, तो उस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इतना ही नहीं, पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के भविष्य पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले के बहिष्कार पर भी विचार कर रहा है, हालांकि इस पर पीसीबी ने अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।


पाकिस्तान के हटते ही बांग्लादेश की एंट्री संभव
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अगर पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है, तो आईसीसी बांग्लादेश को दोबारा टूर्नामेंट में शामिल कर सकता है। पाकिस्तान ग्रुप ए में है, जिसमें भारत भी शामिल है। पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबले भारत में नहीं बल्कि श्रीलंका में खेलने हैं। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पहले से ही यह मांग करता रहा है कि वह भारत में मैच नहीं खेलेगा और उसे भी श्रीलंका का वेन्यू दिया जाए। बांग्लादेश इसके लिए अपना ग्रुप बदलने तक को तैयार था।


जल्द फैसला जरूरी, ICC पर टिकी निगाहें
अगर पाकिस्तान बाहर होता है और बांग्लादेश की वापसी होती है, तो इससे आईसीसी की मुश्किलें भी कम हो जाएंगी। नई टीम को शामिल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यह भी संदेश नहीं जाएगा कि आईसीसी किसी एक बोर्ड के दबाव में झुक गया है। हालांकि यह सब पूरी तरह पाकिस्तान के फैसले पर निर्भर करता है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड शुक्रवार तक टी20 वर्ल्ड कप को लेकर क्या रुख अपनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *