Breaking News

अंडर-19 वर्ल्डकप फाइनल मैच, इंडिया और इंग्लैंड के बीच मुकाबला जारी, 175 रन बनाकर वैभव आउट, क्या भारत जीतेगा?

top-news
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ विशाल स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी की 175 रन की तूफानी पारी ने मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया और टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीमें हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आमने-सामने हैं, जहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक रवैया दिखाया और 36 ओवर तक 4 विकेट के नुकसान पर 308 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। क्रीज पर वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू मौजूद हैं और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए, जिससे इंग्लैंड की टीम पूरे मैच में दबाव में नजर आई। भारतीय फैंस में भारत के जीत की उम्मीद बनी हुई है। जीत की संभावना भी भारत के ही पक्ष में जाते दिख रही है।


वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की पारी ने मैच का रुख बदला

इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी रही। उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए और मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे, जिससे इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेअसर दिखे। सूर्यवंशी ने 55 गेंदों में शतक पूरा कर फाइनल को यादगार बना दिया, जबकि 150 रन भी उन्होंने छक्के के साथ पूरे किए। आखिरकार मैनी लुम्सडेन की गेंद पर वे कैच आउट हुए, लेकिन तब तक भारत बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था। उनकी पारी ने मैच का पूरा मोमेंटम भारत के पक्ष में कर दिया।


मिडिल ऑर्डर ने संभाली पारी, टीम का स्कोर 300 पार

सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कुछ समय के लिए रन गति जरूर धीमी हुई, लेकिन विहान मल्होत्रा, आयुष म्हात्रे और वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभाला। आयुष म्हात्रे ने 53 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि विहान मल्होत्रा ने 30 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी। इंग्लैंड की ओर से एलेक्स ग्रीन ने दो विकेट लिए, जबकि जेम्स मीटो और मैनी लुम्सडेन को एक-एक सफलता मिली। हालांकि भारतीय टीम ने लगातार रन बनाते हुए 34वें ओवर में ही 300 रन का आंकड़ा पार कर लिया। अब टीम की कोशिश अंत के ओवरों में तेज रन बनाकर इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की है।


दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर भी टिकी नजर

फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू, वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेन्द्रन मैदान में उतरे हैं। वहीं इंग्लैंड की टीम का नेतृत्व थॉमस रेव कर रहे हैं, जिनके साथ बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स, बेन मेयस, कालेब फॉकनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मीटो, मैनी लुम्सडेन और एलेक्स ग्रीन खेल रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इंग्लैंड इस बड़े स्कोर का कैसे जवाब देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *