Breaking News

दलीप ट्रॉफी में नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, महज 6 गेंदों में खत्म हुई पारी, फैंस को करना होगा इंतजार

top-news
दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी बड़ी पारी नहीं खेल सके। ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए उन्होंने छह गेंदों में आठ रन बनाए। दो चौके लगाने के बाद बिश्वोरजीत कोनथौजम की गेंद पर गली में कैच देकर पवेलियन लौट गए।

दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन आमने-सामने हैं। बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 पर खेले जा रहे मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मैच शुरू होते ही सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर थीं। लंबे समय बाद लाल गेंद के क्रिकेट में लौटे वैभव से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनका बल्ला ज्यादा देर नहीं चला। ईस्ट जोन की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने महज छह गेंदों का सामना किया और आठ रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी छोटी पारी में लगातार दो चौके लगाए, लेकिन इसके बाद नॉर्थ ईस्ट जोन के गेंदबाज बिश्वोरजीत कोनथौजम ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। वैभव का विकेट ईस्ट जोन के लिए शुरुआती झटका रहा।


दो चौके लगाए, फिर गली में दे बैठे कैच

वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत जरूर आक्रामक अंदाज में की थी। पारी के दूसरे ओवर में उन्होंने बिश्वोरजीत कोनथौजम की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए। ऐसा लगा कि युवा बल्लेबाज अपने अंदाज में बड़ी पारी की तरफ बढ़ रहे हैं, लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर कहानी बदल गई। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ थी, जिस पर वैभव ने जोरदार शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद बल्ले का किनारा लेकर गली की दिशा में गई, जहां जोसेफ लालथनखुमा ने कैच पकड़ लिया। इस तरह वैभव छह गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हो गए। लाल गेंद के क्रिकेट में खुद को साबित करने की कोशिश कर रहे इस युवा बल्लेबाज के लिए यह पारी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही।


ईस्ट जोन के उपकप्तान हैं वैभव, लाल गेंद में आंकड़े चिंता बढ़ाते हैं

वैभव को इस दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। इस टूर्नामेंट को वैभव के लिए लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी क्षमता दिखाने का अहम मौका माना जा रहा था। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अभी तक बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। आठ मैचों की 12 पारियों में उन्होंने 207 रन बनाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 93 रन है। ऐसे में दलीप ट्रॉफी में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।


दलीप ट्रॉफी का फाइनल चेन्नई में होगा

दलीप ट्रॉफी के इस संस्करण में सेंट्रल जोन और साउथ जोन को सीधे सेमीफाइनल में जगह मिली है। ईस्ट जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन का क्वार्टर फाइनल 23 से 26 अगस्त तक बेंगलुरु में खेला जा रहा है। दोनों सेमीफाइनल भी बेंगलुरु में होंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 6 से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *