सूर्यकुमार यादव की रणजी टीम में वापसी क्यों रुकी? MCA के अधिकारी ने बताया असली कारण

top-news
मुंबई की रणजी टीम में सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिली है। MCA सूत्र के अनुसार, सूर्या लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट से दूर थे और ट्रेनिंग कैंप में भी शामिल नहीं हुए। वापसी के लिए उन्हें स्थानीय टूर्नामेंट में खेलकर फॉर्म साबित करनी होगी।

आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के पहले मैच के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने 5 अक्टूबर को 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, लेकिन इसमें स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का नाम नहीं था। सूर्या के टीम में नहीं होने से क्रिकेट फैंस हैरान रह गए, क्योंकि बताया जा रहा था कि उन्होंने खुद रणजी मैच खेलने की इच्छा जताई थी। अब MCA के एक सूत्र ने उनके चयन नहीं होने की वजह बताई है। जानकारी के मुताबिक, सूर्यकुमार लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट से दूर हैं और मुंबई के ट्रेनिंग कैंप में भी शामिल नहीं हुए थे। मुंबई को 11 से 14 अक्टूबर तक चंडीगढ़ के खिलाफ अपना पहला मैच खेलना है।


ट्रेनिंग कैंप से लगातार दूर रहे सूर्यकुमार यादव
MCA के एक सूत्र के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह नहीं मिलने की सबसे बड़ी वजह उनका ट्रेनिंग कैंप में शामिल नहीं होना है। मुंबई की टीम पिछले करीब एक महीने से लाल गेंद से लगातार अभ्यास कर रही है, जबकि सूर्या काफी समय से रेड बॉल क्रिकेट नहीं खेले हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कोई रेड बॉल मैच भी नहीं खेला था। सूत्र के अनुसार, चयनकर्ताओं ने करीब 10 दिन पहले सूर्यकुमार से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। बाद में सूर्या ने खुद को चयन के लिए उपलब्ध बताया, लेकिन तब तक चयनकर्ताओं के सामने टीम को लेकर अलग स्थिति थी।


युवा खिलाड़ियों को नजरअंदाज करना नहीं चाहते थे चयनकर्ता
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई के चयनकर्ताओं का मानना था कि जो युवा खिलाड़ी पिछले एक महीने से लगातार टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं, उन्हें बाहर बैठाकर सूर्यकुमार यादव को सीधे टीम में शामिल करना उचित नहीं होगा। इसी वजह से उन्हें चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के लिए टीम में जगह नहीं दी गई। हालांकि, सूर्या के लिए मुंबई की रणजी टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। अगर वह आगे टीम में वापसी करना चाहते हैं तो उन्हें अपनी मैच फिटनेस और फॉर्म साबित करने का मौका मिल सकता है। इसके लिए स्थानीय रेड बॉल क्रिकेट में हिस्सा लेना उनके लिए रास्ता हो सकता है।


पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड से कर सकते हैं वापसी
सूर्यकुमार यादव अगर दोबारा मुंबई की रणजी टीम में जगह बनाना चाहते हैं तो उन्हें मुंबई क्रिकेट संघ के स्थानीय टूर्नामेंट में खेलकर अपनी फॉर्म साबित करनी होगी। पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड में खेलने से उन्हें रेड बॉल क्रिकेट का अभ्यास और मैच अनुभव हासिल करने का मौका मिल सकता है। दूसरी तरफ मुंबई की टीम को सीजन शुरू होने से पहले ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के रूप में झटका लगा है। अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लगने के कारण वह कम से कम एक महीने तक बाहर रहेंगे। पहले मैच के लिए सिद्धेश लाड को कप्तान बनाया गया है और वह सीजन के बाकी मुकाबलों में भी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। टीम में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *