योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला, यूपी बनेगा देश का AI-Ready डेटा सेंटर हब
यूपी डेटा सेंटर नीति-2026 को मंजूरी, 2 लाख करोड़ निवेश और 7,500 नौकरियों का लक्ष्य
- Babli Ansari
- 07 Jul, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश डेटा सेंटर नीति-2026 को मंजूरी दे दी गई। नई नीति का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी ग्रीन तथा AI-Ready डेटा सेंटर हब बनाना है। सरकार ने इसके तहत 2 गीगावाट से अधिक अतिरिक्त डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने और 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य तय किया है। इससे प्रदेश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलने के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
AI और ग्रीन डेटा सेंटर पर रहेगा विशेष फोकस
नई नीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी गई है। न्यूनतम 700 GPU (एनवीडिया H100 या समकक्ष) स्थापित करने वाले डेटा सेंटर पार्कों को 10 करोड़ रुपये तक का पूंजी अनुदान और 2 करोड़ रुपये तक की वार्षिक परिचालन सहायता मिलेगी। वहीं 350 GPU स्थापित करने वाली डेटा सेंटर इकाइयों को 5 करोड़ रुपये तक का पूंजी अनुदान और 50 लाख रुपये तक की वार्षिक सहायता दी जाएगी। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील शर्मा ने बताया कि नीति ऊर्जा दक्षता, ग्रीन टेक्नोलॉजी और टिकाऊ विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।
प्रमाणन शुल्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी पर भी राहत
सरकार ने बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कई नई सुविधाएं जोड़ी हैं। 500 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली परियोजनाओं को आवश्यकता के अनुसार विशेष प्रोत्साहन पैकेज दिया जाएगा। इसके अलावा टीयर-3 डेटा सेंटर प्रमाणन शुल्क का 25 प्रतिशत और टीयर-4 प्रमाणन शुल्क का 50 प्रतिशत तक सरकार वहन करेगी। नए डेटा सेंटरों को वाणिज्यिक संचालन शुरू होने के पहले तीन वर्षों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी शुल्क की 25 प्रतिशत प्रतिपूर्ति (अधिकतम 2.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष) भी मिलेगी।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
सरकार का अनुमान है कि डेटा सेंटर नीति-2026 के लागू होने से प्रदेश में 7,500 लोगों को स्थायी प्रत्यक्ष रोजगार और निर्माण अवधि के दौरान लगभग 50,000 लोगों को अल्पकालीन रोजगार मिलेगा। डेटा सेंटर इकाइयों के आसपास आईटी और आईटी आधारित अन्य उद्योगों के विकास से अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार का मानना है कि नई नीति उत्तर प्रदेश को डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ-साथ बड़े घरेलू और विदेशी निवेश को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






