MBBS छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में 50 सीटें बढ़ेंगी, सुविधाओं के विस्तार के लिए मिलेंगे 75 करोड़ रुपये
- Shiv Kumar
- 08 Jun, 2026
डॉक्टर बनने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज खंडवा में एमबीबीएस की सीटें 120 से बढ़ाकर 180 करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सप्ताह एनएमसी की टीम कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंच सकती है, जिसके बाद सीट बढ़ोतरी को अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीट बढ़ने के साथ सुविधाएं भी होंगी हाईटेक
एमबीबीएस की 60 अतिरिक्त सीटें मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज को करीब 75 करोड़ रुपये का बजट भी मिलने की संभावना है। इस राशि से नए छात्रावासों का निर्माण, आधुनिक लेक्चर हॉल तैयार करने और अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की योजना है। इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि सीटों में वृद्धि से क्षेत्र के अधिक छात्रों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिल सकेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
पिछले साल नहीं मिली थी मंजूरी
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पिछले वर्ष भी सीटों को 120 से बढ़ाकर 180 करने का प्रस्ताव एनएमसी को भेजा था, लेकिन उस समय इसे मंजूरी नहीं मिल सकी थी। इसके चलते शैक्षणिक सत्र 2025-26 में केवल 120 सीटों पर ही प्रवेश प्रक्रिया पूरी हुई। इस बार चिकित्सा शिक्षा विभाग ने खंडवा के साथ-साथ दतिया और शिवपुरी मेडिकल कॉलेजों में भी सीटें बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आवश्यक मानकों को पूरा करने के बाद इस बार मंजूरी मिलने की संभावना काफी मजबूत है।
पीजी कोर्स की 52 सीटों का भी प्रस्ताव तैयार
एमबीबीएस सीटों के अलावा मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विषयों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कोर्स शुरू करने की दिशा में भी काम चल रहा है। कॉलेज प्रशासन ने 52 पीजी सीटों का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद एनएमसी को भेजा जाएगा। मार्च में जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम ने कॉलेज का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, फैकल्टी, लैब, ऑपरेशन थिएटर और मरीजों की संख्या का आकलन किया था। रिपोर्ट को सकारात्मक माना जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय कुमार दादू ने बताया कि एनएमसी की टीम जल्द निरीक्षण करेगी और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






