ग्रेटर नोएडा में अवैध खनन का मामला गरमाया, श्मशान घाट की जमीन पर रात में चल रहे बुलडोजर, शिकायत के बावजूद प्राधिकरण नहीं ले रहा एक्शन
- Shiv Kumar
- 17 Mar, 2026
ग्रेटर नोएडा के ग्राम घंघोला में श्मशान घाट के पास स्थित प्राधिकरण की जमीन पर अवैध खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। प्राधिकरण के मुताबिक यह जमीन पहले से अधिग्रहीत है और औद्योगिक सेक्टर समेत अन्य उपयोग के लिए नियोजित है, लेकिन इसके बावजूद यहां रात के समय अज्ञात लोगों की तरफ से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इस गतिविधि से न केवल सरकारी जमीन को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल बन गया है। इस मामले में दीपक उपाध्याय नाम के यूजर की तरफ से बार-बार शिकायतों के बावजूद एक्शन नहीं हो रहा है। प्राधिकरण का कहना है कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई के लिए पुलिस फोर्स की मांग की गई है, लेकिन किसी कारणवश अभी तक पुलिस बल न मिलने से ठोस कदम नहीं उठाए जा सके हैं।
बार-बार पत्र भेजने के बावजूद नहीं मिला पुलिस बल
प्राधिकरण की ओर से इस अवैध गतिविधि को रोकने के लिए कई बार संबंधित थाने को पत्र लिखकर पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई। अलग-अलग तारीखों में भेजे गए पत्रों में स्पष्ट रूप से बताया गया कि ग्राम घंघोला में अवैध रूप से ईंट भट्टों का संचालन भी हो रहा है और इन पर कार्रवाई के लिए पुलिस की जरूरत है। हालांकि, विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए अब तक पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। इससे प्राधिकरण की कार्रवाई प्रभावित हो रही है और अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
अवैध खनन से प्राधिकरण को हो रहा नुकसान
रात के समय हो रहे इस अवैध खनन से प्राधिकरण की जमीन को लगातार क्षति पहुंच रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों में इसको लेकर नाराजगी है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
माफियाओं पर कार्रवाई के लिए प्रशासन से अपील
प्राधिकरण ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जब तक पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होता, तब तक संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि वे अवैध खननकर्ताओं और मिट्टी माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। अधिकारियों का मानना है कि ठोस कदम उठाए जाने से ही इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है और सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सकता है।
दीपक उपाध्याय ने की शिकायत, शासन तक जाने की चेतावनी
इस मामले में दीपक उपाध्याय नाम के सोशल मीडिया यूजर ने शिकायत पोस्ट करते हुए प्राधिकरण के अधिकारियों को टैग किया है। उसने बताया है कि भाटी और योगी नाम के दो ईंट भट्टों की तरफ से खनन कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की इन भूमाफियाओं पर सख्त एक्शन लेते हुए मिट्टी खनन पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई एक्शन नहीं हुआ तो वह शासन स्तर पर शिकायत करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






