गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला दिल्ली, प्रीत विहार इलाके में क्लब के बाहर फायरिंगर, 21 वर्षीय युवक घायल, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
- Shiv Kumar
- 04 Apr, 2026
दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में देर रात एक क्लब के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। ‘SHOWSHA Club’ के बाहर हुई इस वारदात में 21 वर्षीय युवक समीर गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत GTB Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दोस्तों के बीच विवाद बना फायरिंग की वजह
पुलिस के अनुसार, समीर अपने दोस्तों के साथ क्लब गया था। इसी दौरान उसके दोस्त अरहम की किसी अन्य युवक से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। विवाद बढ़ने पर सभी लोग क्लब के बाहर सर्विस रोड पर आ गए। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली समीर के पैर में (घुटने के नीचे) जा लगी। घायल समीर को उसके दोस्त तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
हमलावर फरार, पहचान में जुटी पुलिस
समीर ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों को नहीं पहचानता। घटना की सूचना मिलते ही Delhi Police मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।
देर रात क्लब संचालन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में देर रात तक क्लब संचालित होते हैं और कुछ युवक हथियार लेकर भी आते हैं। इससे पहले भी इस क्लब में झगड़े की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इस घटना के बाद देर रात क्लब संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कानून व्यवस्था और निगरानी पर बहस तेज
क्लब के बाहर खुलेआम फायरिंग की घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने मांग की है कि बिना अनुमति देर रात तक चल रहे क्लबों पर सख्त कार्रवाई की जाए और हथियार लेकर आने वालों पर कानूनी शिकंजा कसा जाए। साथ ही पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग की जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






