एटीएम कैशवैन लूटने आए बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, आरोपी समीर और जुबैर ढेर, बदमाशों पर था एक लाख का इनाम

top-news
गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी आरोपी घायल हो गए। दोनों आरोपी हाल ही में हुई कैश वैन लूट मामले में वांछित थे। पुलिस ने मौके से नकदी और वाहन बरामद किया है।

गाजियाबाद में मंगलवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो इनामी बदमाश घायल हो गए। वेब सिटी थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में एक-एक लाख रुपये के इनामी बदमाश समीर और जुबेर घायल हुए हैं। वहीं, इस दौरान एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और फरार बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मौके से एक स्विफ्ट कार और लूट की रकम में से करीब 9 लाख रुपये बरामद किए हैं।


कैश वैन लूट के बाद पुलिस के निशाने पर थे आरोपी

यह पूरा मामला 6 मई को हुई कैश वैन लूट से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एक फाइनेंशियल कंपनी की कैश वैन एटीएम में पैसे डालने पहुंची थी। इसी दौरान चार बदमाश अचानक वहां पहुंचे और ड्राइवर को हथियार दिखाकर वैन लूट ली। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 20 मिनट के अंदर वैन को लगभग 10 किलोमीटर दूर ले गए और उसमें रखी करीब 27 लाख रुपये की रकम निकालकर फरार हो गए। बाद में लूटी गई वैन मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और मामले की जांच के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस लगातार कैमरों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थी।


मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी, दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध बदमाश वेब सिटी इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में समीर और जुबेर घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने पहले ही आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अब लूट की बाकी रकम और इस गिरोह के दूसरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *