गाजियाबाद में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप लगातार जारी, सूर्या हत्याकांड के बाद 2 मदरसे सील, 1500 जवान तैनात
- Shiv Kumar
- 02 Jun, 2026
गाजियाबाद। सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में प्रशासन और पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मदरसों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि ये संस्थान आवश्यक मानकों और अनुमति के बिना संचालित किए जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान मदरसों की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई और मुख्य द्वार पर सीलिंग संबंधी आदेश चस्पा किए गए। दूसरी ओर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस, आरआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार सत्यापन अभियान चला रही है। सूर्या हत्याकांड के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर प्रशासन का शिकंजा
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ स्वयं खोड़ा पहुंचे और अभियान की निगरानी की। प्रशासन ने मदरसा स्मानिया अरनिया पासीमूल उलूक और सुल्तान अलारफीन मदरसे को सील करने की कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक जनपद में संचालित अन्य संस्थानों और मदरसों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। यदि किसी संस्थान में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण, अतिक्रमण और बिना अनुमति संचालित संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इलाके में ड्रोन कैमरों और स्निफर डॉग्स की मदद से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान
सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया है। अब तक 1600 से अधिक लोगों का सत्यापन किया जा चुका है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नैयर और डीसीपी धवल जायसवाल के नेतृत्व में 500 से अधिक पुलिसकर्मी अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की थानों में हाजिरी लगवाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं हत्या मामले के पांचवें आरोपी मोहम्मद सारिक की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें लगाई गई हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।
पीड़ित परिवार से मिले अधिकारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सूर्या चौहान की हत्या के छह दिन बाद भी खोड़ा में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और कई बाजार अब भी बंद हैं। पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने सूर्या के परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मिजोरम के राज्यपाल वीके सिंह की बेटी मृणालिनी सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। इस बीच मुख्य आरोपी असद के घर पर अवैध कब्जे के मामले में नोटिस चस्पा किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






