धर्म और पहचान छिपाकर तीन साल तक दुष्कर्म, गाजियाबाद में युवती बोली- रास्ता रोककर चाकू मारा, धर्म परिवर्तन के लिए किया मजबूर
- Shiv Kumar
- 15 Jul, 2026
गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहचान छिपाकर दोस्ती करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसकी मुलाकात एक जन्मदिन पार्टी में एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम शंभू बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने कथित तौर पर शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी की वास्तविक पहचान समीर अल्वी है। इसके बाद उसने संबंध खत्म करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार उस पर संपर्क बनाए रखने का दबाव डालता रहा।
धर्म परिवर्तन और चाकू से हमले का आरोप
युवती का आरोप है कि परिवार द्वारा उसकी शादी दूसरी जगह तय किए जाने के बाद भी आरोपी उसे परेशान करता रहा। उसने दावा किया कि उस पर इस्लाम धर्म अपनाने और शादी करने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसे जबरन कुरान थमाई गई और रोजा रखने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसके दोस्तों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डालता था।
पुलिस पर भी लगाए दबाव के आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पहले दर्ज मामले में पुलिस ने उस पर अदालत में बयान देने के लिए दबाव बनाया। उसका कहना है कि आरोपी के पिता एक राजनीतिक दल से जुड़े होने के कारण उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं। फिलहाल पीड़िता ने मुख्यमंत्री से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






