गाजियाबाद में सत्यम पंडित ने कांवड़ यात्रा में मुस्लिम अधिकारियों की ड्यूटी का किया विरोध, जंतर-मंतर से आ रहे छात्रों को थप्पड़ मारे
- Shiv Kumar
- 26 Jul, 2026
खुद को हिंदू वीर सेना का अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में वह कांवड़ यात्रा को लेकर मुस्लिम अधिकारियों की ड्यूटी का विरोध करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में जंतर-मंतर से लौट रहे दो युवकों के साथ कथित मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में वह अपने जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग करते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांवड़ यात्रा को लेकर दिया विवादित बयान
करीब 1 मिनट 17 सेकेंड के वायरल वीडियो में सत्यम पंडित लोगों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि सावन माह शुरू हो चुका है और कांवड़ यात्रा चल रही है। वीडियो में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहते हैं कि कांवड़ यात्रा में किसी भी मुस्लिम अधिकारी की ड्यूटी नहीं लगाई जानी चाहिए। वीडियो में उन्होंने गाजियाबाद के नंदग्राम एसीपी जियाउद्दीन का भी नाम लेते हुए उन्हें हटाने की मांग की। साथ ही सिपाही से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक मुस्लिम पुलिसकर्मियों की ड्यूटी न लगाने की बात कही।
जंतर-मंतर से लौट रहे युवकों से मारपीट का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर सामने आए दूसरे वीडियो में सत्यम पंडित अपनी कार में बैठे दिखाई देते हैं। वीडियो में वह जंतर-मंतर से लौट रहे दो युवकों को रोककर उनका नाम और पता पूछते हैं। इसके बाद कथित तौर पर दोनों युवकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए थप्पड़ मारते हुए दिखाई देते हैं। यह वीडियो वायरल होने के बाद सत्यम पंडित को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग का वीडियो भी सामने आया
सत्यम पंडित का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे उनके जन्मदिन का बताया जा रहा है। वीडियो में वह प्रताप विहार स्थित डीएवी स्कूल के सामने सड़क किनारे खड़े होकर लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






