गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में बंद कमरे से महिला का शव मिलने से सनसनी, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा, पति और बेटी लापता, जांच तेज
- Shiv Kumar
- 27 Jul, 2026
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र स्थित पूजा कॉलोनी में किराए के मकान से 50 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रमिला उर्फ सुशीला, पत्नी पवन, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उस समय हुई जब कई दिनों से बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की, जहां महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
दस दिन पहले ही किराए पर रहने आए थे परिवार के लोग
पुलिस के अनुसार, प्रमिला अपने पति पवन और करीब सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ लगभग दस दिन पहले पूजा कॉलोनी के एक मकान में किराए पर रहने आई थी। मकान मालिक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई से कमरे पर ताला लगा हुआ था। रविवार को आसपास के लोगों ने कमरे से तेज दुर्गंध आने और मक्खियां मंडराने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला का शव काफी समय से कमरे के अंदर पड़ा था। फिलहाल पुलिस सभी परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है।
घरेलू विवाद की भी जांच, पति और बेटी का नहीं चला पता
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि प्रमिला की पहली शादी प्रिंस नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसकी एक सात वर्षीय बेटी विद्या है। बाद में वह पवन के साथ रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि पवन की पहली पत्नी से भी दो बेटियां हैं और प्रमिला तथा पवन पिछले करीब सात वर्षों से साथ रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल महिला के पति पवन और बेटी विद्या का पता नहीं चल सका है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






