तड़के चार बजे गुरुग्राम में पुलिस और शाहिद के बीच मुठभेड़, सीआईए नूंह ने गौ-तस्कर को मार गिराया
- Shiv Kumar
- 15 Oct, 2026
गुरुग्राम। सोहना-पलवल रोड पर गांव सिलानी मोड़ के पास गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गौतस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान गोली लगने से शाहिद उर्फ आडवानी (27) की मौत हो गई। वह नूंह के खरखड़ी गांव का निवासी था। उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी थार गाड़ी में दो गायों को लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के खिलाफ 40 से ज्यादा मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
सुबह करीब चार बजे सिलानी मोड़ पर हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है। सीआईए नूंह की टीम को गौतस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। आरोपी थार गाड़ी नंबर HR 51 BR 6483 में दो गायों को लेकर जा रहे थे। सिलानी मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसी दौरान शाहिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई। पुलिस टीम उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
दो आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
मुठभेड़ के बाद शाहिद के साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके। पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया।
सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में रखवाया गया। वहीं, सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। टीम ने मुठभेड़ से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। जांच में मुठभेड़ के दौरान हुई कार्रवाई, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले से जुड़ी पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






