फिल्ममेकर शैलेन्द्र सिंह ने अक्षय कुमार को लेकर किया बड़ा खुलासा, बोले- मनीमाइंडेड हैं बॉलीवुड के खिलाड़ी, असल में वह एक्टर नहीं..
- Shiv Kumar
- 31 Jan, 2026
नोएडा। बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर शैलेन्द्र सिंह ने अभिनेता अक्षय कुमार को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि अक्षय कुमार “मनी माइंडेड” हैं और वह खुद को पहले एक बिजनेसमैन और बाद में एक्टर मानते हैं। शैलेन्द्र सिंह ने यह बयान हाल ही में वरिष्ठ फिल्म पत्रकार सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में दिया, जिसमें उन्होंने साल 2009 में आई फिल्म 8×10 तस्वीर से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया। शैलेन्द्र के मुताबिक, इसी फिल्म के फ्लॉप होने के बाद उन्होंने फिल्म निर्माण से दूरी बना ली थी।
फिल्म 8×10 तस्वीर और बढ़ता बजट
शैलेन्द्र सिंह ने इंटरव्यू में बताया कि 8×10 तस्वीर उस दौर में बनी थी, जब अक्षय कुमार और डायरेक्टर नागेश कुकुनूर दोनों ही अपने करियर के बेहतरीन फेज में थे। शुरुआत में इस फिल्म का बजट करीब 30 से 35 करोड़ रुपये तय किया गया था। फिल्म की शूटिंग के लिए मुनार को लोकेशन चुना गया था, लेकिन अक्षय कुमार के व्यस्त शेड्यूल के चलते बार-बार प्लान बदलते रहे। शैलेन्द्र ने बताया कि मुनार की जगह टीम को पहले कैलगरी, फिर केप टाउन और उसके बाद कई अन्य जगहों पर शूटिंग करनी पड़ी। लगातार लोकेशन बदलने से फिल्म का बजट तेजी से बढ़ता चला गया। यह फिल्म अक्षय की सुपरहिट फिल्म सिंह इज किंग के तुरंत बाद रिलीज हुई थी, लेकिन उम्मीदों के उलट बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
फीस वापस करने से इनकार का आरोप
फिल्म के फ्लॉप होने के बाद शैलेन्द्र सिंह ने अक्षय कुमार से उनकी फीस का कुछ हिस्सा लौटाने की बात कही थी। शैलेन्द्र के मुताबिक, उन्होंने अक्षय से साफ शब्दों में कहा कि जब फिल्म देखने कोई नहीं आया, तो स्टार होने के नाते उन्हें भी कुछ जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अक्षय ने फिल्म के लिए काफी बड़ी रकम ली थी। हालांकि, शैलेन्द्र का आरोप है कि अक्षय कुमार ने फीस वापस करने से साफ इनकार कर दिया और उन्हें एक भी रुपया वापस नहीं मिला। शैलेन्द्र ने कहा कि इसी अनुभव के बाद उन्होंने फिल्म बनाना ही छोड़ दिया। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका बयान किसी निजी नाराजगी या दुश्मनी पर आधारित नहीं है।
अक्षय कुमार पर निजी टिप्पणी नहीं
शैलेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि अक्षय कुमार व्यक्तिगत रूप से अच्छे इंसान हैं और उनके रिश्ते हमेशा ठीक रहे। दोनों साथ में खेल भी खेलते थे और पेशेवर तौर पर भी कोई व्यक्तिगत टकराव नहीं था। शैलेन्द्र के अनुसार, अक्षय पैसों के मामले में बहुत स्ट्रेटेजिक हैं। बातचीत के दौरान उनकी फीस धीरे-धीरे बढ़ती जाती है। शैलेन्द्र ने बताया कि पहले फीस 15 करोड़ होती है, फिर 21 करोड़, फिर 27 करोड़ और आखिर में अचानक 36 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अक्षय के लिए 9 उनका लकी नंबर है। यह बयान सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर स्टार फीस और प्रोड्यूसर्स की जिम्मेदारी को लेकर बहस तेज हो गई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






