शाहिद कपूर की ओ रोमियो ने बॉक्स पर मचाया तहलका, तीन दिन में तोड़ दिए कई रिकॉर्ड, जान लें अब तक की कमाई

top-news
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ओ रोमियो ने तीसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत कमाई की। भारत-पाक मैच के बीच भी फिल्म ने 11 करोड़ का कलेक्शन करते हुए कुल कमाई 34.51 करोड़ रुपये तक पहुंचा दी।

बॉलीवुड की नई रोमांटिक एक्शन फिल्म ओ रोमियो ने रिलीज के तीसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाते हुए शानदार कमाई दर्ज की है। रविवार को भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के बावजूद फिल्म की कमाई प्रभावित नहीं हुई। ट्रेड वेबसाइट्स के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने तीसरे दिन करीब 11 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 34.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। शुक्रवार को फिल्म ने 9.01 करोड़, जबकि शनिवार को 14.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दर्शकों में फिल्म को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है, खासकर युवाओं के बीच इसकी चर्चा तेज है।


बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़, वीकेंड में बढ़ी कमाई

वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में अच्छी उछाल देखने को मिली। पहले दिन औसत ओपनिंग के बाद दूसरे दिन कमाई में बड़ा उछाल आया और रविवार को भी फिल्म ने मजबूत प्रदर्शन जारी रखा। फिल्म में शाहिद कपूर एक खतरनाक लेकिन अपने नियमों पर चलने वाले किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी की एंट्री कहानी में रहस्य और इमोशन जोड़ती है। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि अगर वर्ड ऑफ माउथ इसी तरह सकारात्मक रहा, तो आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई और मजबूत हो सकती है। दर्शकों को फिल्म का रोमांस, एक्शन और बैकग्राउंड म्यूजिक पसंद आ रहा है, जिससे थिएटरों में फुटफॉल स्थिर बना हुआ है।


1995 मुंबई की अंडरवर्ल्ड पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी

फिल्म की कहानी 1995 के अपराध जगत वाले मुंबई पर आधारित है, जहां सत्ता और अपराध का खेल चरम पर दिखाया गया है। शाहिद कपूर का किरदार ‘उस्तरा’ सुपारी लेकर काम करता है, लेकिन उसके अपने नियम हैं। फिल्म में पुलिस अधिकारी के रोल में नाना पाटेकर भी अहम भूमिका निभाते हैं। कहानी में अफशां के किरदार के जरिए सस्पेंस और भावनात्मक मोड़ आते हैं। फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है, जबकि इसका निर्माण नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने किया है। फिल्म में फरीदा जलाल, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया और अविनाश तिवारी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *