'फर्जी-2' की शूटिंग शुरू, शाहिद कपूर ने पहले दिन के शूट की शेयर की फोटो, धांसू लुक में नजर आए एक्टर
- Shiv Kumar
- 09 Mar, 2026
बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर की चर्चित वेब सीरीज ‘फर्जी’ के दूसरे सीजन की शूटिंग आखिरकार शुरू हो गई है। शनिवार को शाहिद कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को यह खुशखबरी दी। उन्होंने शूटिंग के पहले दिन की एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उनके किरदार की झलक भी देखने को मिली। शाहिद ने स्टोरी में लिखा, “फर्जी 2 का पहला दिन… वापस शुरू!” बस फिर क्या था, यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर चर्चा तेज हो गई। ‘फर्जी’ के पहले सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और तभी से लोग इसके दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे थे। अब जब शूटिंग शुरू हो चुकी है तो फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
फरवरी में शाहिद ने किया था सीजन 2 का ऐलान
दरअसल, इस साल फरवरी में शाहिद कपूर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की थी कि ‘फर्जी’ का दूसरा सीजन बनने जा रहा है। उस समय उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सीरीज के क्रिएटर्स राज निदिमोरू और कृष्णा डी.के. के साथ एक तस्वीर शेयर की थी। तस्वीर के साथ उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा था, “नकली काम करने वाले फिर से लौट आए हैं।” इसी पोस्ट के बाद से फैंस को साफ संकेत मिल गया था कि सीरीज का दूसरा सीजन जल्द शुरू होने वाला है। सोशल मीडिया पर भी लोग ‘फर्जी 2’ को लेकर लगातार सवाल कर रहे थे।
क्रिएटर्स ने भी दिया था ‘राउंड 2’ का इशारा
सीरीज के क्रिएटर्स राज और डी.के. ने भी अपने इंस्टाग्राम पर नोटों की गड्डियों की तस्वीर शेयर की थी। इसके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा था, “राउंड 2 चल रहा है।” इस पोस्ट ने भी साफ कर दिया था कि कहानी का अगला अध्याय जल्द आने वाला है। इससे पहले शाहिद कपूर ने यह भी बताया था कि ‘फर्जी’ के दूसरे सीजन को आने में थोड़ा वक्त लग सकता है। उनका कहना था कि इस तरह की सीरीज की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन में काफी समय लगता है। इसके अलावा शो को कई भाषाओं में डब कर लगभग 200 देशों में रिलीज किया जाता है, इसलिए पूरी प्रक्रिया लंबी होती है। ‘फर्जी’ के पहले सीजन में शाहिद कपूर के साथ विजय सेतुपति, राशि खन्ना, के के मेनन, भुवन अरोड़ा, रेजिना कैसेंड्रा और अमोल पालेकर अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। यह सीरीज 10 फरवरी 2023 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी और दर्शकों से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली थी।
दिलचस्प है सीरीज की कहानी
सीरीज की कहानी सनी नाम के एक कलाकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार शाहिद कपूर निभा रहे हैं। सनी एक बेहतरीन कलाकार होता है और हूबहू पेंटिंग बनाने में माहिर है। लेकिन जब उसके नानाजी का अखबार ‘क्रांति’ और उनका प्रिंटिंग प्रेस कर्ज के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच जाता है, तो वह अपनी इसी कला का इस्तेमाल नकली नोट बनाने के लिए करने लगता है। हालांकि धीरे-धीरे यह खेल इतना बड़ा हो जाता है कि सनी एक खतरनाक जाल में फंस जाता है। वहीं विजय सेतुपति इस सीरीज में एक टास्क फोर्स अधिकारी के रोल में दिखाई देते हैं, जो इस पूरे नेटवर्क को पकड़ने की कोशिश करता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






