रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ अब ओटीटी पर होगी रिलीज, भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म, 5 जून से जियो-हॉटस्टार पर होगी स्ट्रीम,
- Shiv Kumar
- 16 May, 2026
रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 जून से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 4 जून की शाम 7 बजे रखा गया है। मेकर्स ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की। पोस्ट में लिखा गया कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अब दर्शकों को रॉ और अनदेखे अंदाज में ओटीटी पर देखने को मिलेगी। फिल्म ने सिनेमाघरों में रिकॉर्ड तोड़ कमाई करते हुए दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है, जिसके बाद यह भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल हो गई है।+
बॉक्स ऑफिस पर बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
फिल्म ने रिलीज के बाद लगातार कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने भारत में करीब 1144 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन और दुनियाभर में लगभग 1795 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाई की। फिल्म ने पेड प्रीव्यू से ही 75 करोड़ रुपये जुटाकर नया रिकॉर्ड बना दिया था। इसके बाद वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में इसने बाहुबली 2: द कंक्लूजन को भी पीछे छोड़ दिया। ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ दोनों फिल्मों की कुल कमाई 3000 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। इसी के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय फिल्म फ्रेंचाइजी बन गई है। फिल्म की सफलता ने एक बार फिर बड़े बजट और दमदार एक्शन फिल्मों के ट्रेंड को मजबूत किया है।
फिल्म में दिखी बड़ी स्टारकास्ट
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, गौरव गेरा, राकेश बेदी और ब्रजेंद्र काला जैसे कलाकार नजर आए हैं। वहीं पहले पार्ट में अक्षय खन्ना की भूमिका भी काफी चर्चित रही थी। फिल्म को ज्योति देशपांडे और आदित्य धर ने जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। मेजर इकबाल का किरदार निभाने वाले अर्जुन रामपाल ने फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना किसी भी कलाकार के लिए बेहद खास होता है, क्योंकि इससे कलाकार इतिहास का हिस्सा बन जाता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






