कांस 2026 में ऐश्वर्या-आराध्या की जोड़ी ने बटोरी सुर्खियां, कॉन्फिडेंस देखकर बोले लोग- 'अगली स्टार'
- Shiv Kumar
- 23 May, 2026
ऐश्वर्या राय बच्चन ने कान फिल्म फेस्टिवल 2026 में एक बार फिर अपने ग्लैमरस अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। फ्रेंच रिवेरा से सामने आई उनकी पहली तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। अभिनेत्री ने पहले रॉयल ब्लू ड्रामैटिक गाउन में रेड कार्पेट पर एंट्री की, जिसके बाद उनके दूसरे लुक ने भी खूब चर्चा बटोरी। पाउडर पिंक आउटफिट में ऐश्वर्या बेहद कॉन्फिडेंट अंदाज में नजर आईं। इस दौरान उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी उनके साथ मौजूद रहीं।
आराध्या के स्टाइल और कॉन्फिडेंस की चर्चा
कान फिल्म फेस्टिवल में आराध्या बच्चन का लुक भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है। उन्होंने सैटिन रेड गाउन के साथ चमकदार केप कैरी की थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आराध्या अपनी मां के साथ फ्रेंच रिवेरा के खूबसूरत बैकग्राउंड में पोज देती दिखाई दे रही हैं। कई यूजर्स ने उनके आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए उन्हें बच्चन परिवार की अगली स्टार तक बता दिया। कुछ लोगों ने लिखा कि आराध्या अपनी मां की तरह ही बेहद ग्रेसफुल और कॉन्फिडेंट हैं।
ब्लू गाउन में दिखा रॉयल अंदाज
ऐश्वर्या का पहला लुक मशहूर डिजाइनर अमित अग्रवाल द्वारा डिजाइन किए गए रॉयल ब्लू गाउन में था। इस आउटफिट में डिजाइनर की सिग्नेचर क्रिस्टल वेन एम्ब्रॉयडरी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। जैसे ही अभिनेत्री की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, फैंस ने उनकी जमकर तारीफ की। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें “बार्बी डॉल” और “एवरग्रीन ब्यूटी” बताया।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रहीं ऐश्वर्या
वर्क फ्रंट की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन आखिरी बार पोन्नियिन सेल्वन: II में नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन मणिरत्नम ने किया था। फिल्म में कार्थी, तृषा कृष्णन और चियान विक्रम भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे। फिलहाल अभिनेत्री ने अपने अगले प्रोजेक्ट का ऐलान नहीं किया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






