हनी सिंह दवाइयों से हो गए थे गंजे, बोले- अब विग लगाता हूं, 3 साल बेडरूम से बाहर नहीं निकला
- Shiv Kumar
- 27 May, 2026
मुंबई। रैपर हनी सिंह ने हाल ही में अपनी मानसिक बीमारी और निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि बाइपोलर डिसऑर्डर और नशे की लत के इलाज के दौरान ली गई भारी दवाइयों के साइड इफेक्ट से उनके सारे बाल झड़ गए थे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अब वे विग का इस्तेमाल करते हैं।
दवाइयों की वजह से बढ़ गया था वजन
दिल्ली में जन्मे 43 वर्षीय हृदेश सिंह उर्फ हनी सिंह ने बताया कि लंबे समय तक चली दवाइयों के कारण उनका वजन 105 किलो तक पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि 2014 में ड्रग्स छोड़ने के बाद भी उनका संघर्ष खत्म नहीं हुआ और इलाज का दौर काफी मुश्किल रहा। सिंगर के मुताबिक दवाइयों के असर से उनके सिर के सारे बाल झड़ गए। उन्होंने कहा कि लोग जो बाल देखते हैं, वे असली नहीं बल्कि विग हैं। हनी सिंह ने यह भी बताया कि मानसिक बीमारी के दौरान उन्हें लगता था कि वे मर चुके हैं और स्वर्ग-नरक के बीच फंसे हुए हैं।
तीन साल तक बेडरूम से बाहर नहीं निकले
हनी सिंह ने बताया कि बीमारी के चलते उन्होंने करीब सात साल घर के अंदर बिताए, जिनमें से तीन साल सिर्फ बेडरूम में रहे। उन्होंने दोस्तों से मिलना, फोन पर बात करना और यहां तक कि टीवी व इंटरनेट देखना भी बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि डर इतना ज्यादा था कि नहाते समय भी बाथरूम का दरवाजा खुला रखते थे। बाद में डॉक्टर बदलने और नई दवाइयां शुरू होने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और धीरे-धीरे उन्होंने सामान्य जिंदगी में वापसी की।
शाहरुख खान के टूर में आया था पहला अटैक
Shah Rukh Khan के साथ अमेरिका टूर के दौरान उन्हें पहली बार गंभीर घबराहट और मौत का डर महसूस हुआ था। उन्होंने बताया कि शिकागो में रहते हुए हालत इतनी खराब हो गई थी कि वे शो बीच में छोड़कर लौट आए थे। अब हनी सिंह दोबारा म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वे ‘मखना’ और ‘मिलेनियर’ जैसे गानों और ‘Honey 3.0’ व ‘Glory’ जैसे एल्बम के जरिए वापसी कर चुके हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






