रणबीर कपूर की 'रामायण' को लेकर बड़ा अपडेट, ट्रेलर रिलीज टली, मेकर्स ने किया नए लॉन्च का ऐलान
- Shiv Kumar
- 24 Jul, 2026
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज नहीं होगा। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में पैनल सेशन शुरू होने से कुछ मिनट पहले इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस खबर से उन फैंस को बड़ा झटका लगा, जो कॉमिक-कॉन में एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग के बाद ट्रेलर के ऑनलाइन रिलीज होने का इंतजार कर रहे थे। इससे पहले 18 जुलाई को दिल्ली में फिल्म का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया था, लेकिन उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी नहीं किया गया था।
सोनी पिक्चर्स के साथ साझेदारी के बाद बदली योजना
नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर बताया कि फिल्म ने Sony Pictures Entertainment के साथ साझेदारी की है। अब मेकर्स 'रामायण' के ट्रेलर को सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि दुनिया भर में एक साथ बड़े स्तर पर लॉन्च करना चाहते हैं। इसी वजह से ट्रेलर की रिलीज फिलहाल टाल दी गई है। हालांकि नई रिलीज डेट का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। मेकर्स का कहना है कि ट्रेलर को एक इंटरनेशनल इवेंट की तरह पेश किया जाएगा, ताकि फिल्म की वैश्विक पहुंच और प्रभाव और मजबूत हो सके।
दुनिया तक पहुंचेगी भारतीय संस्कृति की कहानी
नमित मल्होत्रा ने कहा कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह एक गर्व का क्षण होगा, जब 'रामायण' जैसी भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म को किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया जाएगा। उनका मानना है कि इससे दुनिया भर के दर्शकों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और कहानियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि देश के युवाओं के सहयोग और विश्वास से ही यह सपना साकार हो रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






