अमेरिका में उड़ान के दौरान हादसे का शिकार हुआ विमान, पायलट की आखिरी चेतावनी के बाद क्रैश, 9 लोगों की मौत

top-news
अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को टेक्सास से बहामास जा रहा Learjet 60 बिजनेस जेट क्रैश हो गया। हादसे में सभी नौ लोगों की मौत हुई। विमान के गिरने के बाद आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार, 1 नवंबर को एक बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, Learjet 60 विमान टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर यह पाम बीच काउंटी के ग्रीनएकर्स इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान सड़क के पास जमीन से टकराया और जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। टक्कर से सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और मलबा आसपास फैल गया। हादसे के बाद प्रशासन ने पास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उनके लिए अस्थायी शेल्टर की व्यवस्था की गई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की। हादसे की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) कर रहा है, जबकि FAA की टीम इसमें सहयोग कर रही है।


पायलट ने बताया- विमान में जम रही बर्फ, तेज झटके लग रहे हैं

हादसे से कुछ समय पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके लगने की जानकारी दी थी। उसने बताया कि मौसम खराब हो रहा है और विमान को तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए पायलट ने 2,000 फीट और ऊंचाई पर जाने की अनुमति मांगी। उस समय विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसके कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए रेडियो पर ‘मेडे’ कॉल दी। उसने बताया कि विमान 8 हजार फीट नीचे जा रहा है और फिर गिरने की रफ्तार करीब 10 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई है। पायलट ने कहा कि विमान जमीन से टकराने वाला है और अब समय नहीं बचा है।


एक मिनट में 27 हजार फीट नीचे आया विमान

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान के नीचे गिरने की रफ्तार तेजी से बढ़ी। शुरुआत में यह करीब 10 हजार फीट प्रति मिनट की गति से नीचे आया। इसके बाद रफ्तार 20 हजार और फिर लगभग 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने करीब एक मिनट में लगभग 27 हजार फीट की ऊंचाई गंवा दी थी। इस दौरान विमान अपनी निर्धारित डिजाइन सीमाओं से भी आगे निकल गया। इसके बाद वह तेजी से नीचे आया और सड़क के पास जमीन से टकरा गया। टक्कर के साथ ही आग का बड़ा गोला उठा और आसपास धुआं फैल गया। हालांकि, पायलट की ओर से खराब मौसम, बर्फ जमने और टर्बुलेंस की जानकारी दिए जाने के बावजूद जांच एजेंसियों ने अभी इन्हें हादसे की वजह घोषित नहीं किया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, FAA और NTSB कर रहे जांच

विमान रिहायशी इलाके के पास गिरा था। हादसे के बाद मलबे और आग के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उनके लिए दो शेल्टर बनाए गए। अधिकारियों ने प्रभावित इलाके में सड़क बंद कर दी और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने हादसे को बेहद दुखद बताया। FAA ने जांच में मदद के लिए अपनी टीम भेजी है। NTSB दुर्घटना की मुख्य जांच कर रहा है। जांच में विमान की तकनीकी स्थिति, मौसम, पायलट की ओर से दी गई जानकारी और उड़ान के दौरान हुई घटनाओं की पड़ताल की जाएगी। शुरुआती जानकारी में खराब मौसम और विमान पर बर्फ जमने का जिक्र है, लेकिन इनका दुर्घटना से संबंध अभी साबित नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *