ईरान ने इजराइल के केमिकल प्लांट पर किया हमला, जहरीले रिसाव की चेतावनी, लोगों को घर में रहने और खिड़कियां बंद रखने के आदेश

top-news
इजराइल के केमिकल प्लांट पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद आग लग गई। जहरीले रिसाव का खतरा बना है। खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतों में उछाल आया है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

मध्य पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। ईरान ने दक्षिणी इजराइल के एक केमिकल प्लांट पर मिसाइल हमला कर दिया, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। यह हमला बीयरशेवा के पास नियोत होवाव इंडस्ट्रियल जोन में हुआ। प्लांट में खतरनाक रसायन मौजूद होने के कारण जहरीले रिसाव का खतरा भी पैदा हो गया है। घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत इलाके में अलर्ट जारी कर दिया।


आसपास के लोगों को घरों में रहने की सलाह

हमले के बाद प्लांट में आग तेजी से फैल गई, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर रहने और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्लांट में मौजूद रसायन हवा में फैल सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इस हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है। लगातार हो रहे हमलों के कारण आम लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है और हालात सामान्य होने के कोई संकेत फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।


भारत के टैंकर सुरक्षित, नौसेना दे रही सुरक्षा

इसी बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। होर्मुज स्ट्रेट से होकर भारत आ रहे दो टैंकर सुरक्षित निकल चुके हैं। इन जहाजों पर करीब 94 हजार मीट्रिक टन गैस लदी हुई है। इन टैंकरों को  इंडियन नेवी की सुरक्षा दी जा रही है। सरकारी जानकारी के अनुसार, ये टैंकर इसी हफ्ते मुंबई पहुंच सकते हैं। इससे पहले भी कई भारतीय टैंकर इस अहम रास्ते को पार कर चुके हैं। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।


अमेरिका-ईरान टकराव से बढ़ी चिंता, तेल के दाम चढ़े

इस बीच Donald Trump ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिका को 20 बड़े तेल के जहाज दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट को नियंत्रित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं, ईरान की चेतावनियों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव का असर दुनिया भर के बाजारों पर पड़ रहा है। दूसरी ओर, कुवैत में हमले के दौरान एक भारतीय मजदूर की मौत की खबर ने चिंता और बढ़ा दी है, जबकि लेबनान में भी हवाई हमलों में लोगों की जान गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *