आल टाइम हाई पर सोना-चांदी, गोल्ड एक दिन में बढ़ा 10 हजार तो चांदी चार दिन में 62 हजार रुपए बढ़ी

top-news
सोना और चांदी लगातार चौथे दिन रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचे। 24 कैरेट सोना 1,75,340 रुपए और चांदी 3,79,988 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। वैश्विक तनाव, कमजोर रुपया और सेंट्रल बैंकों की खरीदारी से कीमतों में जोरदार तेजी देखी जा रही है।

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी दिन भी जोरदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, बुधवार 29 जनवरी को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,76,121 रुपए पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें हल्की गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद सोना 10,705 रुपए की बढ़त के साथ 1,75,340 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इससे पहले मंगलवार को सोना 1,64,635 रुपए के स्तर पर था। बीते चार कारोबारी दिनों में सोने की कीमतों में कुल 21,030 रुपए की तेजी दर्ज की गई है।


चार दिन में सोना 21 हजार और चांदी 62 हजार महंगी
IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, 23 जनवरी को 24 कैरेट सोना 1,54,310 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर 1,75,340 रुपए तक पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमतों में भी रिकॉर्ड तेजी देखी गई है। एक किलो चांदी बुधवार को 21,721 रुपए की उछाल के साथ 3,79,988 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। बीते चार कारोबारी दिनों में चांदी कुल 62,283 रुपए महंगी हो चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को चांदी की कीमत 3,17,705 रुपए प्रति किलो थी। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा वैश्विक हालात में कीमती धातुओं में निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।


29 दिनों में सोना ₹42 हजार और चांदी ₹1.49 लाख उछली
जनवरी महीने के महज 29 दिनों में ही सोने और चांदी ने ऐतिहासिक तेजी दर्ज की है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,33,195 रुपए थी, जो अब बढ़कर 1,75,340 रुपए हो गई है। यानी सिर्फ 29 दिनों में सोना 42,145 रुपए महंगा हो चुका है। इसी तरह चांदी की कीमत में भी 1,49,568 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी 2,30,420 रुपए थी, जो अब 3,79,988 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है।


सोने-चांदी में तेजी के बड़े कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की कीमतों में तेजी के पीछे कई अहम वजहें हैं। वैश्विक स्तर पर बढ़ता तनाव, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ग्रीनलैंड को लेकर बयानबाजी और यूरोपीय देशों को टैरिफ की धमकियों ने बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है। ऐसे हालात में निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकालकर सुरक्षित निवेश यानी सोने की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपए की रिकॉर्ड कमजोरी भी एक बड़ा कारण है। रुपया 91.10 के ऑल-टाइम लो तक पहुंच चुका है, जिससे आयातित सोने की लागत बढ़ गई है। वहीं, दुनिया भर के केंद्रीय बैंक भी लगातार सोने की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे डिमांड बढ़ने के कारण कीमतें और ऊपर जा रही हैं।


₹1.90 लाख तक जा सकता है सोना
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव और अमेरिकी टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता बनी रहती है, तो आने वाले समय में सोने की कीमतें और बढ़ सकती हैं। रिसर्च हेड डॉ. रेनिशा चैनानी के अनुसार, 2026 में सोना 1,90,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है, जबकि चांदी की कीमत 4 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर को छू सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *