LPG संकट पर सदन के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन, दोनों सदनों में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी

top-news
लोकसभा में LPG संकट और निलंबित सांसदों की वापसी को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली।

लोकसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल की शुरुआत होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद निलंबित सांसदों की वापसी की मांग कर रहे थे। हंगामे के बीच सांसदों ने नारेबाजी की और सदन की कार्यवाही बाधित होती रही। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर सांसद सदन की मेजों पर चढ़ेंगे तो कार्रवाई होना तय है। उन्होंने कहा कि संसद की प्रतिष्ठा बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है। लगातार हंगामे के कारण पहले सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और बाद में 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। इससे पहले विपक्षी दलों ने संसद परिसर में LPG संकट और बढ़ती कीमतों को लेकर प्लेकार्ड दिखाते हुए प्रदर्शन भी किया।


LPG संकट को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने

संसद में LPG की उपलब्धता और कीमतों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, केरोसीन और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी कहा कि देश में गैस और डीजल की कमी नहीं है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर विपक्षी दल सरकार के दावों से सहमत नजर नहीं आए। सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि कई राज्यों में हालात ऐसे हैं कि लोगों को गैस सिलेंडर तक नहीं मिल रहे हैं। उनका कहना था कि अगर सरकार ने समय रहते ध्यान दिया होता तो हालात इतने खराब नहीं होते।


सांसदों के बयानों से गरमाया राजनीतिक माहौल

संसद के भीतर और बाहर नेताओं के बयानों से राजनीतिक माहौल और गरमा गया। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि अगर सदन को सुचारु रूप से चलाना है तो सरकार को विपक्ष की बात सुननी होगी और उन्हें विश्वास में लेना होगा। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और क्षेत्रीय तनाव का असर ऊर्जा सुरक्षा और गैस आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग खाना पकाने के लिए गैस सिलेंडर पर निर्भर हो चुके हैं, ऐसे में अगर सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित होती है तो यह बड़ी चुनौती बन सकती है। उधर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि देश के कई हिस्सों में LPG को लेकर हालात खराब बताए जा रहे हैं।


विपक्ष पर रिजिजू का पलटवार, TMC का महाभियोग प्रस्ताव

हंगामे के बीच संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सांसद सदन में अनुशासन नहीं रख रहे हैं और इससे संसद की गरिमा प्रभावित हो रही है। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष को जल्द सुधर जाना चाहिए, वरना जनता इसका जवाब देगी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की भी घोषणा की है। बताया गया है कि इस प्रस्ताव पर लोकसभा और राज्यसभा के कई विपक्षी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। राजनीतिक हलकों में इस कदम को भी बड़ा मुद्दा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *