वॉट्सऐप पर आने वाला है ये अनोखा फीचर, यूजर्स को कैसे होगा फायदा, मैसेज पढ़ते ही हो जाएगा डिलीट
- Shiv Kumar
- 25 Mar, 2026
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया और एडवांस प्राइवेसी फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ‘After Reading’ फीचर पर काम कर रही है, जिसमें मैसेज पढ़ने के बाद अपने आप डिलीट हो जाएंगे। अभी तक यूजर्स को डिसअपियरिंग मैसेज का विकल्प मिलता है, जिसमें 24 घंटे, 7 दिन या 90 दिन का टाइमर सेट किया जा सकता है। लेकिन यह नया फीचर इससे कहीं ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी माना जा रहा है। इससे खासकर उन यूजर्स को फायदा होगा, जो अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखना चाहते हैं और नहीं चाहते कि चैट लंबे समय तक सेव रहे।
पढ़ने के बाद 15 मिनट में अपने आप डिलीट होगा मैसेज
इस नए फीचर की सबसे खास बात यह है कि जैसे ही कोई यूजर मैसेज पढ़ेगा, वह करीब 15 मिनट के भीतर अपने आप दोनों यूजर्स की चैट से गायब हो जाएगा। वहीं अगर मैसेज को नहीं पढ़ा जाता है, तो वह अधिकतम 24 घंटे तक चैट में रहेगा और उसके बाद अपने आप डिलीट हो जाएगा। यह फीचर तब भी काम करेगा, जब यूजर ने read receipts यानी ब्लू टिक को बंद कर रखा हो। यह फीचर खासतौर पर OTP, वेरिफिकेशन कोड और अन्य संवेदनशील जानकारी शेयर करने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे ऐसी जानकारी लंबे समय तक चैट में सेव नहीं रहेगी और प्राइवेसी बेहतर बनी रहेगी।
बीटा वर्जन में टेस्टिंग, जल्द सभी यूजर्स को मिल सकता है फायदा
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड के बीटा वर्जन 2.26.12.2 में देखा गया है और अभी टेस्टिंग के दौर में है। कंपनी इसे आने वाले समय में सभी यूजर्स के लिए जारी कर सकती है। बताया जा रहा है कि ‘After Reading’ फीचर, वॉट्सऐप के मौजूदा View Once फीचर का अपग्रेड होगा, जिसमें फोटो, वीडियो या वॉयस नोट्स केवल एक बार ही देखे जा सकते हैं। नया फीचर यूजर्स को ज्यादा सुरक्षित और प्राइवेट चैटिंग अनुभव देने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






