युवाओं के लिए खुशखबरी, सरकार ने गूगल और यूट्यूब के साथ मिलकर लॉन्च किया AI ट्रेनिंग प्रोग्राम, 15 हजार अभ्यर्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप
- Shiv Kumar
- 26 Mar, 2026
केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्किल्स सीखने का बड़ा मौका दिया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने Google और YouTube के साथ मिलकर नेशनल AI स्किल इनिशिएटिव लॉन्च किया है। यह पहल Iभारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (IICT) मुंबई के सहयोग से शुरू की गई है। इस प्रोग्राम के तहत क्रिएटिव सेक्टर से जुड़े छात्रों और युवा प्रोफेशनल्स को 15,000 स्कॉलरशिप दी जाएंगी, जिससे वे आधुनिक AI स्किल्स सीख सकें और अपने करियर को नई दिशा दे सकें।
क्रिएटिव सेक्टर के लिए तैयार होंगे प्रोफेशनल्स
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मीडिया, एंटरटेनमेंट, एनिमेशन, गेमिंग और डिजिटल स्टोरीटेलिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले युवाओं को प्रैक्टिकल AI स्किल्स से लैस करना है। इस प्रोग्राम में छात्र सीखेंगे कि असली क्रिएटिव वर्कफ़्लो में AI टूल्स का इस्तेमाल कैसे किया जाता है। साथ ही, कंटेंट क्रिएशन और प्लेटफॉर्म-आधारित रणनीतियों, खासकर YouTube के लिए, की भी ट्रेनिंग दी जाएगी। यह कोर्स इस तरह से डिजाइन किया गया है कि प्रतिभागी सीधे इंडस्ट्री में काम करने के लिए तैयार हो सकें। यानी सिर्फ थ्योरी नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल अनुभव पर ज्यादा जोर दिया जाएगा, जिससे सीखने वाले अपनी स्किल्स को तुरंत प्रोफेशनल माहौल में इस्तेमाल कर सकें।
दो चरणों में होगी ट्रेनिंग, मिलेगा एडवांस्ड अनुभव
इस प्रोग्राम को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में प्रतिभागियों को AI के बेसिक कॉन्सेप्ट्स सिखाए जाएंगे, जिसमें Google Career Certificates और Google Cloud के जेनरेटिव AI लर्निंग पाथ शामिल होंगे। इसमें AI की बुनियादी समझ, जिम्मेदार उपयोग और टेक्नोलॉजी के मूल सिद्धांतों पर फोकस रहेगा। दूसरे चरण में सफल प्रतिभागियों को एडवांस्ड ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स, स्टोरीटेलिंग तकनीक और Google के AI टूल्स के साथ काम करने का मौका मिलेगा। यह ट्रेनिंग हाइब्रिड मोड में देश के प्रमुख क्रिएटिव सेंटर्स पर आयोजित की जाएगी। इस पूरी पहल को IICT द्वारा लागू किया जाएगा, जो इसके डिजाइन, प्रचार और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा। यह प्रोग्राम पहले शुरू की गई ‘Create with AI’ पहल को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर स्किल डेवलपमेंट का नया रास्ता खोल सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






