अब घरों के AC और TV को कंट्रोल करेगा AI, सेफ्टी भी रहेगी और बिजली भी बचेगी, जानें सबकुछ यहां

top-news
AI तकनीक से होम एप्लायंसेज तेजी से स्मार्ट हो रहे हैं। AC और टीवी में AI फीचर्स से बिजली की बचत और बेहतर परफॉर्मेंस मिल रही है, हालांकि नए नियमों से कीमतों में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब सिर्फ मोबाइल और कंप्यूटर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि तेजी से होम एप्लायंसेज की दुनिया को भी बदल रहा है। Hisense Group India के सीईओ पंकज राणा ने बताया कि आने वाले समय में AI का इस्तेमाल लगभग हर होम एप्लायंस में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी के ज्यादातर टीवी में पहले से ही AI फीचर्स मौजूद हैं, जो यूजर्स को बेहतर अनुभव देते हैं। AI की मदद से डिवाइस खुद यूजर के व्यवहार को समझकर अपने फीचर्स को एडजस्ट करते हैं, जिससे काम आसान और ज्यादा स्मार्ट हो जाता है।


AC में AI से 30% तक बिजली बचत संभव
पंकज राणा के अनुसार, एयर कंडीशनर में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। AI बेस्ड AC यूजर के उपयोग और मौसम के हिसाब से खुद कूलिंग को एडजस्ट करता है। इसमें वॉयस कंट्रोल और पावर सेविंग जैसे फीचर्स भी शामिल हैं, जो खासतौर पर भारतीय मौसम को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। इन तकनीकों की मदद से करीब 20 से 30 प्रतिशत तक बिजली की बचत हो सकती है। इसके अलावा AI ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग में भी अहम भूमिका निभा रहा है, जहां जीरो कार्बन फैक्ट्रियों में AI आधारित प्रोसेस का उपयोग किया जा रहा है। इससे पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर पड़ रहा है।


मेक इन इंडिया और लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा
कंपनी ने बताया कि भारत में “मेक इन इंडिया” के तहत लोकल असेंबली और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। कॉपर की बढ़ती कीमतों का असर एप्लायंसेज इंडस्ट्री पर पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद बेहतर परफॉर्मेंस के लिए कॉपर का उपयोग जरूरी है। इसी दिशा में कंपनी ने EPACK Durable के साथ साझेदारी की है और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में नया प्लांट शुरू किया है। इससे सप्लाई चेन मजबूत होगी, इंपोर्ट पर निर्भरता कम होगी और ग्राहकों को तेजी से डिलीवरी मिल सकेगी।


नए AC मॉडल और कीमतों में बढ़ोतरी
कंपनी ने बताया कि नए नियमों के तहत मार्च 2026 से Bureau of Energy Efficiency और Bureau of Indian Standards के स्टैंडर्ड लागू हो चुके हैं। इसके अनुसार कंपनी ने 10 से 12 नए AC मॉडल लॉन्च करने की तैयारी की है, जिनमें 1 टन, 1.5 टन और 2 टन क्षमता के विकल्प होंगे। इनमें 3 स्टार और 5 स्टार रेटिंग के साथ इन्वर्टर टेक्नोलॉजी दी जाएगी। हालांकि नए नियमों के चलते 5 स्टार AC की कीमतों में 7 से 8 प्रतिशत और 3 स्टार मॉडल में 2 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन बेहतर कूलिंग, कम बिजली खपत और लंबी लाइफ ग्राहकों के लिए फायदे का सौदा साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *