आशा भोसले का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, आज मुंबई के शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे दी जाएगी मुखाग्नि
- Shiv Kumar
- 13 Apr, 2026
मुंबई। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में किया जाएगा। उनका रविवार को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में निधन हो गया था। वे 92 वर्ष की थीं। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है और संगीत प्रेमी उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं।
लंबे समय से थीं बीमार, कई अंगों ने छोड़ा साथ
आशा भोसले को कई स्वास्थ्य समस्याओं के चलते शनिवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण उनका निधन हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय से स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और संगीत जगत में शोक का माहौल बन गया। उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है।
संगीत में 80 साल से ज्यादा का सफर
आशा भोसले ने अपने करीब 82 साल के गायन सफर में 12 हजार से ज्यादा गाने गाए और संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्हें 9 फिल्मफेयर समेत 100 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी उन्हें नवाजा गया था। उनके गाए गाने “इन आंखों की मस्ती”, “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा” और “चुरा लिया है तुमने” आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
कम उम्र में शुरू किया था गायन
आशा भोसले मशहूर गायक दीनानाथ मांगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। महज 9 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्होंने कम उम्र में ही गायन शुरू कर दिया था। उन्होंने 10 साल की उम्र में अपना पहला गाना गाया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ।
पीएम मोदी समेत कई हस्तियों ने जताया दुख
आशा भोसले के निधन पर नरेंद्र मोदी समेत कई बड़ी हस्तियों ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले का संगीत सफर देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाला रहा है। वहीं शाहरुख खान ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज हमेशा लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






