Exit Poll 2026: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर बढ़त, असम में एनडीए, केरल में कांग्रेस की सरकार, तमिलनाडु में एक्टर विजय ने बदल दी गणित
- Shiv Kumar
- 30 Apr, 2026
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद अब हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर किसकी सरकार बनेगी। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान पूरा हो चुका है और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। उससे पहले एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आने लगे हैं, जिसने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक असम में भाजपा एक बार फिर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का बताया जा रहा है।
असम में भाजपा की वापसी, पुडुचेरी में भी बढ़त के आसार
एग्जिट पोल के मुताबिक असम में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बना सकती है। हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी को साफ बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। असम के मंत्री प्रशांत फुकन ने भी दावा किया है कि राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। पुडुचेरी की बात करें तो यहां भी भाजपा गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है और उसे 16 से 20 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को 6 से 8 सीटों तक सीमित बताया जा रहा है। इन आंकड़ों ने भाजपा समर्थकों में उत्साह बढ़ा दिया है और वे नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
तमिलनाडु में उलटफेर की चर्चा, केरल में बदल सकती है सत्ता
तमिलनाडु में इस बार सबसे ज्यादा चौंकाने वाले संकेत मिल रहे हैं। एक सर्वे में दावा किया गया है कि पहली बार चुनाव लड़ रहे अभिनेता विजय की पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है और मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकती है। हालांकि कुछ अन्य अनुमानों में डीएमके की वापसी के संकेत भी दिए गए हैं, जहां उसे 148 से 168 सीटें मिल सकती हैं। इससे साफ है कि राज्य में स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है और नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं। वहीं केरल में वाम मोर्चे को झटका लग सकता है और कांग्रेस गठबंधन की दस साल बाद सत्ता में वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
बंगाल में रिकॉर्ड मतदान, कड़े मुकाबले ने बढ़ाई दिलचस्पी
पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। राज्य में कुल 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जो अपने आप में रिकॉर्ड है। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इतनी बड़ी संख्या में वोटिंग से साफ है कि जनता इस बार बदलाव के मूड में है। हालांकि एग्जिट पोल में अभी तक कोई एकतरफा तस्वीर सामने नहीं आई है, लेकिन कई सर्वे में भाजपा को बढ़त मिलने की बात कही जा रही है। वहीं विपक्षी दलों का वोट बंटने की बात भी सामने आ रही है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






