पश्चिम बंगाल के 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग जारी, EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत के बाद फैसला, 4 मई को आएंगे नतीजे
- Shiv Kumar
- 02 May, 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में हुए विवाद के बाद शनिवार सुबह 7 बजे से दक्षिण 24 परगना जिले के 15 बूथों पर दोबारा मतदान शुरू हो गया। इनमें डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथ शामिल हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इन बूथों पर 29 अप्रैल को हुई वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़, हिंसा और झड़प की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने री-पोल का फैसला लिया। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और RAF व केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। डायमंड हार्बर के रॉयनगर प्राइमरी स्कूल स्थित बूथ नंबर 243 पर एक वोटर ने EVM खराब होने की शिकायत की और कहा कि उन्हें आधे घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर कई बूथों पर सुबह से लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव आयोग ने वोटरों की पहचान के लिए इस बार ब्लैक स्याही की जगह ब्लू निशान का इस्तेमाल किया है।
TMC और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज
री-पोलिंग के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। TMC नेता शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर माहौल खराब कर ज्यादा जगहों पर री-पोल कराने की साजिश रची ताकि बंगाल को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में हार देख बौखला गई है। वहीं भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने पलटवार करते हुए कहा कि TMC हार के डर से ड्रामा कर रही है। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सिर्फ 15 बूथ नहीं बल्कि फाल्टा समेत करीब 60 बूथों पर दोबारा मतदान होना चाहिए था। भाजपा का आरोप है कि कुछ बूथों पर कमल के निशान वाले बटन पर टेप लगाया गया था। कांग्रेस और CPM नेताओं ने भी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। इस बीच स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कोलकाता में कई स्थानों पर धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत 200 मीटर के दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक है।
4 मई को आएंगे नतीजे, रिकॉर्ड मतदान ने बढ़ाई सियासी हलचल
पश्चिम बंगाल की सभी 294 सीटों पर इस बार रिकॉर्ड 92.84 प्रतिशत मतदान हुआ है। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 92.48 प्रतिशत वोट पड़े थे। अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हर राउंड की काउंटिंग के दौरान ऑब्जर्वर्स को मौके पर मौजूद रहना होगा और किसी भी गड़बड़ी की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। कई बूथों पर CCTV फुटेज गायब होने और अचानक वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की रिपोर्ट भी आयोग के पास पहुंची है। इसी वजह से कुछ और बूथों पर री-पोल की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। राजनीतिक दल लगातार स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी कर रहे हैं और चुनाव परिणाम से पहले बंगाल का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






