पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजे, रुझानों में बीजेपी को बहुमत, सुवेंदु चल रहे आगे तो भवानीपुर से ममता पीछे

top-news
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना में शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाती नजर आ रही है। भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं, जबकि नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी आगे हैं। राज्य की कई अहम सीटों पर कांटे की टक्कर जारी है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। 293 सीटों पर जारी गिनती में भाजपा बढ़त बनाती नजर आ रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस कड़ी टक्कर दे रही है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक भाजपा 157 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 115 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर सीट को लेकर हो रही है, जहां ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं। वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से बढ़त बनाए हुए हैं। चुनावी नतीजों के बीच पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सभी दलों के कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों के बाहर डटे हुए हैं।


भवानीपुर और नंदीग्राम पर सबकी नजर
भवानीपुर सीट पर शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं, जबकि नंदीग्राम सीट से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी बढ़त बनाए हुए हैं। पहले पोस्टल बैलेट और फिर ईवीएम की गिनती में भी सुवेंदु अधिकारी आगे निकल गए। पहले राउंड के बाद वह करीब 3,100 वोटों से आगे बताए गए। दूसरी तरफ पानीहाटी सीट से आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ बढ़त

बनाए हुए हैं। श्यामपुकुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार शशि पांजा पीछे चल रही हैं। वहीं डोमकल और जलांगी सीटों पर सीपीआईएम उम्मीदवारों को शुरुआती बढ़त मिली है।


झाड़ग्राम और कई इलाकों में भाजपा मजबूत
झाड़ग्राम की चारों सीटों पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है। यही वह इलाका है जहां चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झालमुड़ी खाई थी। झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम सीटों पर भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। पश्चिम बर्धमान की कई सीटों पर भी भाजपा मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। आसनसोल नॉर्थ सीट पर कानून मंत्री मलय घटक पीछे चल रहे हैं, जबकि आसनसोल दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल बढ़त में हैं। खड़गपुर सदर से भाजपा नेता दिलीप घोष भी आगे बताए जा रहे हैं।


टीएमसी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर
मुर्शिदाबाद जिले की 22 सीटों में शुरुआती रुझानों में टीएमसी और भाजपा दोनों को बराबर बढ़त मिलती दिखी। कुछ सीटों पर कांग्रेस भी आगे चल रही है। वहीं कोलकाता पोर्ट सीट से टीएमसी के फरीद हकीम बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के दौरान राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कुछ स्ट्रॉन्ग रूम के सीसीटीवी बंद होने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है। हालांकि चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होने के लिए अभी कई दौर की गिनती बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *