बंगाल में भाजपा को बहुमत, 190 से ज्यादा सीटों पर आगे, कार्यालय पर बजने लगे ढोल नगाड़े, टीएमसी 87 सीटों पर सिमटी
- Shiv Kumar
- 04 May, 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। 293 सीटों पर जारी काउंटिंग में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। ताजा रुझानों के मुताबिक भाजपा 194 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी 87 सीटों पर सिमटती दिख रही है। भाजपा अब तक 6 सीटें जीत चुकी है, वहीं टीएमसी के खाते में एक सीट आई है। एक सीट फालता पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों के बाद कोलकाता से लेकर दिल्ली तक भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मनाया। पार्टी के कई बड़े नेता भी वहां मौजूद रहे। दूसरी ओर टीएमसी ने कई सीटों पर ईवीएम और काउंटिंग प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। चुनावी माहौल के बीच कई इलाकों में तनाव और झड़प की घटनाएं भी सामने आई हैं।
भवानीपुर और नंदीग्राम बनीं सबसे हॉट सीटें
सबसे ज्यादा नजरें भवानीपुर और नंदीग्राम सीट पर टिकी हुई हैं। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से करीब 13 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। दोनों नेता काउंटिंग सेंटर पहुंच चुके हैं और बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 10वें राउंड के बाद वे करीब 14 हजार वोटों से आगे बताए गए। भाजपा का दावा है कि बंगाल में जनता बदलाव चाहती थी और यही कारण है कि पार्टी को ऐतिहासिक समर्थन मिला। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि जनता का संदेश पूरी तरह साफ है। उधर ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर काउंटिंग रोक दी गई और गलत आंकड़े दिखाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अंतिम राउंड के बाद जीत टीएमसी की ही होगी।
काउंटिंग के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तनाव
मतगणना के दौरान कई जगहों पर तनावपूर्ण हालात भी देखने को मिले। बैरकपुर के मतगणना केंद्र पर भाजपा और टीएमसी समर्थकों के बीच झड़प हुई, जबकि आसनसोल के चुरुलिया इलाके में टीएमसी कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई। टीएमसी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाए हैं। वहीं बगदा सीट से टीएमसी उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर ने मुस्लिम बहुल बूथों पर ईवीएम हैकिंग का आरोप लगाया। दूसरी ओर भाजपा समर्थकों ने दावा किया कि यह जनता के गुस्से का नतीजा है। चुनाव आयोग ने भी पूरे राज्य में काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही है। इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीवीपैट पर्चियों को लेकर उठे सवालों पर जांच कराने की बात कही है। बंगाल में लगातार बदलते रुझानों के बीच पूरे देश की नजर अब अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






