बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक आज, अमित शाह कोलकाता पहुंचे, चुनेंगे पहला मुख्यमंत्री, कल शपथ ग्रहण समारोह

top-news
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। अमित शाह कोलकाता पहुंचे हैं और आज विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी सरकार गठन की तैयारियों में जुट गई है। गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, राहुल सिन्हा और सुकांत मजूमदार समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से शाह सीधे दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे न्यू टाउन स्थित नोवोटेल होटल पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं के साथ लगातार बैठकों का दौर चला। आज दोपहर 2 बजे बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भाजपा के सभी 207 नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे। बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा, जो पश्चिम बंगाल का पहला भाजपा मुख्यमंत्री बनेगा। भाजपा ने इस प्रक्रिया के लिए अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।


सुवेंदु अधिकारी CM रेस में सबसे आगे

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सुवेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। इसके अलावा वे नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार विजयी हुए हैं। भाजपा के कई नेता खुलकर उनके समर्थन में नजर आ रहे हैं। भाजपा सांसद सौमित्र खान ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में एक जननेता मुख्यमंत्री बनेगा और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा होगा। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। हालांकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है और उसका परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा। भाजपा की इस जीत के बाद राज्य की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है।


PA हत्याकांड और विधानसभा भंग होने से बढ़ा सियासी तनाव

भाजपा सरकार गठन से पहले राज्य में राजनीतिक तनाव भी लगातार बढ़ रहा है। 6 मई को मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना के बाद भाजपा ने कानून-व्यवस्था को लेकर TMC पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं 7 मई को राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग करने का आदेश जारी कर दिया। इसके बाद ममता सरकार के मंत्रियों की शक्तियां समाप्त हो गईं। हालांकि ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी जनादेश से नहीं बल्कि साजिश से हारी है। TMC सांसद सौगत रॉय ने विधानसभा भंग किए जाने को अलोकतांत्रिक कदम बताया है। इधर हावड़ा के शिवपुर इलाके में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। अब सभी की नजर भाजपा विधायक दल की बैठक और मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *