तमिलनाडु में विजय का मुख्यमंत्री बनना तय, बहुमत का आंकड़ा किया पूरा, TVK को तीन पार्टियों का मिला समर्थन, शाम तक एलान संभव

top-news
तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK को कांग्रेस के बाद CPI, CPI(M) और VCK का समर्थन मिलने से सरकार गठन की राह आसान हो गई है। बहुमत के करीब पहुंची TVK जल्द दावा पेश कर सकती है, जबकि राज्यपाल की भूमिका को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ रहा है।

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के बाद जारी राजनीतिक घमासान के बीच अभिनेता विजय के मुख्यमंत्री बनने की संभावना अब काफी मजबूत होती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को कांग्रेस के बाद विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), CPI और CPI(M) का भी समर्थन मिल गया है। इन समर्थन पत्रों के बाद TVK बहुमत के बेहद करीब पहुंच गई है। इसी बीच विजय लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मिलने का समय मांग चुके हैं। इससे पहले 6 और 7 मई को हुई मुलाकातों में राज्यपाल ने उन्हें पर्याप्त समर्थन जुटाने के बाद आने को कहा था। अब TVK खेमे को उम्मीद है कि बहुमत का आंकड़ा पूरा होने के बाद सरकार गठन का रास्ता साफ हो जाएगा। चेन्नई समेत कई शहरों में विजय समर्थकों ने जश्न और प्रदर्शन भी शुरू कर दिए हैं।


बहुमत के लिए जुटे सहयोगी, कैबिनेट फॉर्मूला भी तैयार

TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत हासिल की थी। विजय दो सीटों से जीते हैं और एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन दे चुके हैं। अब CPI, CPI(M) और VCK के दो-दो विधायकों के समर्थन से TVK बहुमत का आंकड़ा पार करती दिख रही है। सूत्रों के अनुसार विजय की संभावित कैबिनेट का फॉर्मूला भी तैयार कर लिया गया है। VCK को एक मंत्रालय और CPI व CPI(M) को कुल दो मंत्री पद दिए जा सकते हैं। CPI महासचिव डी. राजा ने भी TVK को समर्थन देने की पुष्टि कर दी है। वहीं TVK विधायक पी. वेंकटरामनन ने दावा किया कि पार्टी जल्द सरकार बनाने जा रही है और बहुमत के लिए जरूरी समर्थन उनके पास मौजूद है।


तमिलनाडु में बढ़ा राजनीतिक तनाव

सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर राज्य में राजनीतिक माहौल गर्म है। शुक्रवार को TVK समर्थकों ने राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया, जहां पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। दूसरी ओर कांग्रेस ने भी पूरे तमिलनाडु में राज्यपाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद TVK को सरकार बनाने का मौका नहीं दिया जा रहा है। DMK और AIADMK के संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच TVK ने साफ चेतावनी दी है कि अगर दोनों दल मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करते हैं तो उनके विधायक इस्तीफा दे देंगे। वहीं DMK ने कांग्रेस से गठबंधन टूटने के बाद लोकसभा में अपने सांसदों की सीट बदलने की मांग भी कर दी है। तमिलनाडु की राजनीति में जारी इस उठापटक पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *