शुभेंदु अधिकारी बने बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री, पांच विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, मोदी-शाह समेत 20 राज्यों के सीएम रहे मौजूद
- Shiv Kumar
- 09 May, 2026
पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। वह पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। शुभेंदु ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ के तुरंत बाद वह मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह में भारी भीड़ देखने को मिली। भाजपा ने कार्यक्रम को बंगाल की संस्कृति और परंपरा के रंग में सजाया। मैदान में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया गया। सुरक्षा के लिए चार हजार जवान तैनात किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाए गए और बंगाली व्यंजनों के विशेष स्टॉल भी लगाए गए।
मोदी ने टैगोर को दी श्रद्धांजलि, बुजुर्ग कार्यकर्ता का किया सम्मान
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम ने मंच से बंगाल की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए टैगोर के योगदान को याद किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया। प्रधानमंत्री खुद उनके पास पहुंचे, शॉल ओढ़ाया और उनके पैर छुए। इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। माखनलाल सरकार वही नेता हैं जिन्हें 1952 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के संघर्ष और समर्पण का प्रतीक बताया। समारोह से पहले पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने रोड शो भी किया। विशेष रथ पर दोनों नेता मंच तक पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे। इस दौरान पूरे मैदान में भाजपा समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।
सुवेंदु की सियासी यात्रा और भाजपा की बड़ी जीत
पूर्व मेदिनीपुर के कोंतली गांव में जन्मे शुभेंदु अधिकारी का बचपन धार्मिक माहौल में बीता। परिवार को लगता था कि वह संन्यासी बन जाएंगे, लेकिन उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना। छात्र राजनीति से शुरुआत करने वाले शुभेंदु ने धीरे-धीरे बंगाल की राजनीति में मजबूत पकड़ बनाई। तृणमूल कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा और पार्टी को बंगाल में नई ताकत दी। भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनाव में 45.84 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 207 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। भाजपा के गठन के बाद यह पहली बार है जब पार्टी बंगाल में सरकार बना रही है। राज्यपाल आरएन रवि ने शुभेंदु के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक को मंत्री पद की शपथ दिलाई। भाजपा नेताओं ने इसे बंगाल में राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताया। कार्यक्रम में वीआईपी मेहमानों के लिए बंगाली और उत्तर भारतीय व्यंजनों की खास व्यवस्था भी की गई थी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






