सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे, दो किलोमीटर रोड शो कर पहुंचे पीएम मोदी, शिखर पर चढ़ाया 11 तीर्थों का जल
- Shiv Kumar
- 11 May, 2026
गुजरात के सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे होने पर सोमवार को भव्य ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। 11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में नए सिरे से बनाए गए सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने हेलिपैड से मंदिर तक करीब 2 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रोड शो के दौरान रास्तेभर लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। पीएम के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे। पूरे सोमनाथ क्षेत्र को विशेष सजावट से सजाया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इस आयोजन में शामिल होने पहुंचे हैं। कार्यक्रम को लेकर पूरे गुजरात में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
वैदिक मंत्रों के बीच होगा कुंभाभिषेक
सोमनाथ मंदिर के शिखर का अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया जाएगा। 11 अलग-अलग तीर्थों के जल से मंदिर के शिखर का कुंभाभिषेक होगा। इसके लिए 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से कलश का जल मंदिर शिखर तक पहुंचाया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस आयोजन में देशभर से संत-महात्मा और धार्मिक विद्वान शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। वर्ष 2026 सोमनाथ मंदिर के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि सन् 1026 में महमूद गजनवी द्वारा मंदिर पर किए गए हमले के भी 1000 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके को भारतीय सांस्कृतिक विरासत और आस्था के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में विशेष बदलाव किए हैं।
मंदिर के ऊपर 15 मिनट का एयर शो
सोमनाथ अमृत महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम का एयर शो रहेगा। हॉक Mk-132 विमान मंदिर के ऊपर 15 मिनट तक हवाई करतब दिखाएंगे। एयरफोर्स के विमान जामनगर एयरबेस से उड़ान भरकर लगभग 182 किलोमीटर की दूरी तय कर सोमनाथ पहुंचेंगे। एयर शो के दौरान ‘स्मोक पॉड्स’ की मदद से आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर तिरंगे की आकृति बनाई जाएगी। इसके अलावा चेतक हेलिकॉप्टर मंदिर परिसर के ऊपर फूलों की वर्षा करेगा। वायु सेना अधिकारियों के अनुसार यह प्रदर्शन पायलटों की हवाई कौशल और समन्वय का शानदार उदाहरण होगा। पीएम मोदी इसके बाद वडोदरा जाएंगे, जहां वे 150 करोड़ रुपए की लागत से बने ‘सरदारधाम-3’ का उद्घाटन करेंगे। यह परिसर छात्रों के लिए आधुनिक शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं से लैस है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






