CBSE 12वीं का रिजल्ट जारी, 85.20 फीसदी छात्र हुए पास, ऐसे चेक करें अपना परीक्षा परिणाम
- Shiv Kumar
- 13 May, 2026
सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में रिजल्ट में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। बोर्ड ने इस बार कॉपियों की जांच ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के जरिए कराई थी। छात्र अपना रिजल्ट CBSE Official Website और दूसरी आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर देख सकते हैं। जिन छात्रों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या वेबसाइट धीमी चल रही है, वे एसएमएस के जरिए भी अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि ऑनलाइन स्कोर कार्ड केवल जानकारी के लिए होगा और छात्रों को स्कूल से अपनी मूल मार्कशीट लेना जरूरी होगा।
लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर, प्रयागराज सबसे पीछे
इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 82.23 प्रतिशत दर्ज किया गया। यानी लड़कियां लड़कों से 6.73 प्रतिशत आगे रहीं। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा है। क्षेत्रवार परिणामों की बात करें तो त्रिवेंद्रम रीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है, जहां 95.62 प्रतिशत छात्र सफल हुए। दूसरी ओर प्रयागराज रीजन सबसे पीछे रहा, जहां केवल 72.43 प्रतिशत छात्र पास हुए। पिछले साल भी यही स्थिति देखने को मिली थी। बोर्ड ने इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है और न ही किसी छात्र को टॉपर घोषित किया गया है। स्कूलों को भी निर्देश दिए गए हैं कि किसी छात्र को जिला या स्कूल टॉपर घोषित न किया जाए।
एसएमएस और डिजिलॉकर से ऐसे देखें रिजल्ट
छात्र एसएमएस के जरिए भी अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाकर “CBSE 12वीं रिजल्ट 2026” के साथ अपना रोल नंबर लिखकर 7738299899 पर भेजना होगा। कुछ ही सेकंड में रिजल्ट मोबाइल पर मिल जाएगा। वहीं डिजिलॉकर और उमंग ऐप के जरिए भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। जिन छात्रों की अपार आईडी लिंक है, उनकी मार्कशीट सीधे डिजिलॉकर के “Issued Documents” सेक्शन में दिखाई देगी। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा पास करने के लिए हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। एक विषय में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा, जबकि दो या उससे ज्यादा विषयों में असफल छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






