यूपी में फ्री में आईएएस-पीसीएस की कोचिंग कराएगा समाज कल्याण विभाग, 18 मई से शुरू होंगे आवेदन
- Shiv Kumar
- 13 May, 2026
उत्तर प्रदेश के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखने वाले छात्र अब बिना फीस के आईएएस और पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। समाज कल्याण विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश के 8 आवासीय निःशुल्क आईएएस-पीसीएस परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस योजना का उद्देश्य गांव और कस्बों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक परेशानी उनके सपनों के बीच बाधा न बन सके। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना के जरिए छात्रों को अनुभवी शिक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
18 मई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजీవ सिंह ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 मई 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 जून 2026 तय की गई है। अभ्यर्थी 25 जून से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई 2026 को आयोजित होगी। संभावित रूप से 28 जुलाई को परिणाम घोषित किया जाएगा और नए सत्र की शुरुआत 1 अगस्त 2026 से होगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट समाज कल्याण विभाग वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपये या उससे कम हो।
रहना-खाना से लेकर टेस्ट सीरीज तक सब मुफ्त
इन आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में चयनित छात्रों को रहने और खाने की पूरी सुविधा निःशुल्क दी जाएगी। साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई कराई जाएगी। छात्रों को लाइब्रेरी, टेस्ट सीरीज और मुख्य परीक्षा व साक्षात्कार की विशेष तैयारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग का दावा है कि यहां सिर्फ किताबों तक सीमित पढ़ाई नहीं होती, बल्कि सेवारत आईएएस और पीसीएस अधिकारी भी छात्रों को परीक्षा की रणनीति और अनुभव साझा करते हैं। इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें प्रतियोगी माहौल समझने में मदद मिलती है।
हाल में 44 छात्रों ने पाई सफलता
समाज कल्याण विभाग की इस योजना का असर हाल के परिणामों में भी दिखाई दिया है। विभाग के मुताबिक, हाल ही में घोषित यूपी पीसीएस-2024 परीक्षा में इन प्रशिक्षण केंद्रों के 44 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में और ज्यादा युवाओं को इस योजना से जोड़ने की तैयारी की जा रही है, ताकि प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्र प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बना सकें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






