यूपी में आंधी ने मचाई तबाही, 94 लोगों की मौत, 80 किमी प्रति घंटा के तूफान में उड़ा युवक, प्रयागराज और भदोहीं में सबसे ज्यादा मौतें

top-news
देशभर में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। यूपी में आंधी-तूफान से 94 लोगों की मौत हुई, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है।

देशभर में मौसम ने दो अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी तरफ तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण 30 जिलों में 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 17 मौतें प्रयागराज और 16 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जबकि वाहनों और मकानों को भी नुकसान पहुंचा। बरेली में तेज हवा के दौरान एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बांदा में बुधवार को तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


राजस्थान और मध्य प्रदेश में हीटवेव का कहर

राजस्थान में लगातार भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दूसरी ओर मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले गर्म हवाओं की चपेट में हैं। खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आज इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।


बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का अलर्ट

बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में मई महीने में अब तक सामान्य से 28 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है और अगले दो दिन मौसम खराब रहने की आशंका है।


दिल्ली-हरियाणा समेत कई राज्यों में मौसम बदलेगा

मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है और 17 मई से हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *