बंगाल में बवाल! पुलिस चौकी में तोड़फोड़ व पथराव, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद हंगामा

top-news
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर तनाव फैल गया। उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव और तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल कर हालात काबू में किए।

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर तनाव फैल गया। रेलपार इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान चौकी में तोड़फोड़ की गई और आसपास खड़े पुलिस व आम लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक झड़प में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई है।


दिन में हुई थी पुलिस और स्थानीय लोगों की बातचीत

जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने आसनसोल के कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने को कहा था। इसी मामले में दिन के समय रेलपार इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी। हालांकि शाम होते-होते मामला तनाव में बदल गया। बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ लगातार हंगामा करती रही। इसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।


CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान

पुलिस के डिप्टी कमिश्नर वीजी सतीश पसुमार्थी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *