बंगाल के फालता सीट पर दोबारा मतदान, EVM विवाद के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा, TMC उम्मीदवार पीछे हटा, 24 मई को रिजल्ट

top-news
पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर EVM विवाद के बाद दोबारा मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने सुरक्षा बढ़ाते हुए हर बूथ पर अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं।

पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर बुधवार को दोबारा मतदान कराया जा रहा है। सुबह 9 बजे तक करीब 20.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग ने क्षेत्र में कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए हैं, जहां शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। इससे पहले 29 अप्रैल को यहां मतदान हुआ था, लेकिन कई बूथों पर EVM में कथित गड़बड़ी और भाजपा के चुनाव चिन्ह पर टेप चिपकाए जाने के आरोप लगे थे। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने जांच कर रिपोलिंग कराने का फैसला लिया। इस सीट का अंतिम परिणाम 24 मई को घोषित किया जाएगा। मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। फालता सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।


EVM विवाद के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कई बूथों से EVM में छेड़छाड़ और तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप था कि कुछ बूथों पर भाजपा के बटन पर टेप चिपका हुआ था, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई। तत्कालीन चुनाव पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने क्षेत्र का दौरा कर जांच की थी। जांच में करीब 60 बूथों पर गड़बड़ी के संकेत मिलने की बात कही गई। इसके अलावा कई मतदान केंद्रों पर लगे वेब कैमरों की फुटेज के साथ भी कथित छेड़छाड़ की कोशिश सामने आई थी। इसी को देखते हुए चुनाव आयोग ने इस बार सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी कर दी है। पहले जहां हर बूथ पर चार सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे, वहीं अब आठ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराया जा सके।


TMC उम्मीदवार ने पीछे हटने का किया ऐलान

फालता विधानसभा सीट पर इस बार कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि मतदान से दो दिन पहले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव लड़ने से इनकार करने का ऐलान कर दिया था। इसके बावजूद चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक अब उनका नाम वापस नहीं लिया जा सकता। ऐसे में EVM पर तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह के साथ जहांगीर खान का नाम और फोटो ही दिखाई देगा। सूत्रों के मुताबिक TMC कार्यकर्ता मतदान प्रक्रिया से दूरी बनाए हुए हैं। फालता सीट लंबे समय तक वामपंथियों का गढ़ रही, लेकिन 2011 के बाद से यहां लगातार TMC का कब्जा रहा है। भाजपा अब तक इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी है। वहीं हालिया विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 293 में से 207 सीटें जीतकर सरकार बनाई है, जबकि TMC को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *