कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टा पर बीजेपी से दोगुने फॉलोवर्स, पुराने X एकाउंट ब्लॉक पर बनाया नया खाता, लिखा- कॉकरोच मरते नहीं

top-news
कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। 24 घंटे में इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 1.96 करोड़ तक पहुंच गए। CJI की टिप्पणी के बाद शुरू हुए इस डिजिटल आंदोलन को युवाओं का बड़ा समर्थन मिल रहा है।

डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। संगठन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर महज 24 घंटे के भीतर फॉलोअर्स की संख्या दोगुनी हो गई और यह आंकड़ा बढ़कर 1.96 करोड़ तक पहुंच गया। दावा किया जा रहा है कि यह संख्या देश की कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स से भी ज्यादा है। संगठन के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक करने की कोशिश भी की गई। वहीं 21 मई को संगठन का पुराना एक्स अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। इसके बाद संगठन ने नया अकाउंट बनाकर उसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा और बायो में लिखा- “कॉकरोच डोंट डाय”। नया अकाउंट शुरू होने के कुछ घंटों में ही तेजी से वायरल हो गया और शुक्रवार सुबह तक उस पर 1.38 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ चुके थे।


CJI की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ डिजिटल आंदोलन

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत 15 मई को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। सुनवाई के दौरान उन्होंने कुछ युवाओं को “कॉकरोच की तरह भटकने वाला” बताया था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी बहस शुरू हुई और अगले ही दिन CJP नाम से डिजिटल अभियान लॉन्च कर दिया गया। संगठन खुद को उन लोगों की आवाज बता रहा है जिन्हें व्यवस्था ने नजरअंदाज किया है। वेबसाइट पर इसे “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी” संगठन बताया गया है। पार्टी ने सदस्य बनने के लिए बेरोजगार, आलसी, सोशल मीडिया पर एक्टिव और प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने की क्षमता जैसी शर्तें रखी हैं। संगठन का दावा है कि वह युवाओं की बेरोजगारी, महंगाई और सिस्टम से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहा है। सोशल मीडिया पर #CockroachJantaParty तेजी से ट्रेंड कर रहा है और लाखों लोग इससे जुड़ी पोस्ट और रील्स शेयर कर रहे हैं।


मैनिफेस्टो और डिजिटल कैंपेन से बढ़ी लोकप्रियता

CJP ने अपने मैनिफेस्टो में कई बड़े वादे भी किए हैं। इनमें महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक और मीडिया लाइसेंस की जांच जैसे मुद्दे शामिल हैं। संगठन ने खुद को फिलहाल चुनावी राजनीति से ज्यादा “डिजिटल जागरूकता आंदोलन” बताया है। दिल्ली में कुछ समर्थक कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई अभियान चलाते भी नजर आए। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया रणनीतिकार हैं। वे पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन से भी जुड़े रह चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल वे अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स का मानना है कि युवाओं के बीच बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और ऑनलाइन राजनीतिक बहसों के कारण इस संगठन को तेजी से लोकप्रियता मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *