11 दिन में साढ़े 7 रुपये तक डीजल पेट्रोल हुआ महंगा, आज भी बढ़े दाम, अभी और बढ़ोतरी की संभावना
- Shiv Kumar
- 25 May, 2026
नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने 25 मई से पेट्रोल के दाम ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹2.71 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर पहुंच गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। खासकर परिवहन, खेती और रोजमर्रा के सामानों की लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन के दाम बढ़ने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
मालभाड़ा और रोजमर्रा की चीजें हो सकती हैं महंगी
पेट्रोल और डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रक और टेंपो का किराया बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है। किसानों के लिए भी खेती की लागत बढ़ जाएगी, क्योंकि ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने में ज्यादा खर्च आएगा। इसका असर अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों पर पड़ सकता है। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों का किराया बढ़ने की भी संभावना है। देश में सबसे ज्यादा पेट्रोल की खपत उत्तर प्रदेश में होती है। वित्त वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 5157.8 हजार मीट्रिक टन पेट्रोल की खपत दर्ज की गई, जबकि सबसे कम खपत लक्षद्वीप में रही।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़ा दबाव
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। तेल कंपनियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद उन्हें अभी भी रोजाना करीब 600 करोड़ रुपए का घाटा हो रहा है। इससे पहले यह घाटा लगभग 1000 करोड़ रुपए प्रतिदिन था। भारत अपनी जरूरत का करीब 90 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलाव का सीधा असर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहीं, तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






